केतन अग्रवाल हत्याकांड : केतन-सिया के 27 गुण मिले थे ,ब्वायफ्रेंड चेतन के साथ मिलकर सिया ने 3 बार हत्या की कोशिश की ,धक्का देने की रिहर्सल तक की,जानें पुलिस बयान में खुलासे …

पुणे । पुणे के केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी तय होने से पहले कुंडली मिलाई गई थी। ज्योतिषियों ने बताया था कि केतन का देव गण और सिया का मनुष्य गण होने की वजह से दोनों के बीच अच्छा तालमेल रहेगा। दोनों के 36 में से 27 गुण मिले थे।

इधर, मर्डर केस की जांच कर रही पुलिस का दावा है कि सिया और उसके साथी चेतन चौधरी ने हत्या से पहले तीन बार कोशिश की थी। दोनों ने पुणे में अपने घर के पास एक अज्ञात जगह पर केतन को खाई में धक्का देने की रिहर्सल भी की थी। अब पुलिस उस जगह की जांच करेगी।

सिया और चेतन फिलहाल वडगांव मावल पुलिस की हिरासत में हैं। दोनों से पूछताछ चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में चेतन बेचैन है और पूछताछ के दौरान कई बार रो पड़ा। वहीं, सिया शांत है, लेकिन जांच में सहयोग नहीं कर रही।

👉लोहगढ़ किले पर 50% टूरिस्ट बढ़े, ‘सिया पॉइंट’ नाम पर विवाद

मर्डर केस के बाद लोहगढ़ किले पर आने वाले टूरिस्ट की संख्या करीब 50% बढ़ गई है। देशभर से लोग घटनास्थल देखने पहुंच रहे हैं। इस बीच किले की एक खाई को ‘सिया पॉइंट’ कहे जाने पर इतिहासकारों और स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है।

उनका कहना है कि किसी ऐतिहासिक स्थल को इस तरह नया नाम देना उसकी पहचान और इतिहास से छेड़छाड़ है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे नामों के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है। जांच के चलते लोनावला ग्रामीण पुलिस ने फिलहाल लोहगढ़ किले को टूरिस्ट के लिए बंद कर दिया है।

सोर्स – dainikbhaskar.com