CG : नकटी में पीड़ित परिवारों से मिले बैज- भूपेश, बोले -हर स्तर की लड़ाई में साथ खड़ी है कांग्रेस

0 प्रभावितों को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा

रायपुर । नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों से मिलने मंगलवार को नकटी मामला (Nakti Demolition) को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पहुंचे। नेताओं ने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कांग्रेस की ओर से हर स्तर पर साथ देने का भरोसा दिलाया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नकटी मामला (Nakti Demolition) में गरीब परिवारों के घर उजाड़े जाने का कांग्रेस विरोध करती है। उनका कहना था कि कई परिवार पिछले 40 वर्षों से वहां रह रहे थे। यदि सरकार नई जगह विधायकों की कॉलोनी के लिए जमीन उपलब्ध करा सकती है, तो गरीबों के पुनर्वास की व्यवस्था भी कर सकती है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल बसाने और जिनके मकान तोड़े गए हैं, उन्हें नए मकान उपलब्ध कराने की मांग की।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की कार्रवाई से कई गरीब परिवार बेघर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर वर्गों के साथ होने वाले अन्याय को स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रभावित ग्रामीण को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री शिव डहरिया, पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन तथा राजेंद्र पप्पू बंजारे सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नकटी मामला में प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और न्याय की मांग को लेकर पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी।