बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की सौगात, चलेगी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन ,1 अगस्त से 30 अगस्त तक लगाएंगे 5 फेरे …

बिलासपुर । श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन के जरिए बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को इस बार बड़ी राहत मिलने वाली है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-मधुपुर-इतवारी के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरे लगाएगी।

श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन विशेष रूप से बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। हर साल श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा धाम पहुंचते हैं। इसी कारण रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है ताकि यात्रियों को यात्रा में परेशानी न हो।

👉इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 08895) 1 अगस्त से 29 अगस्त तक प्रत्येक शनिवार सुबह 4:30 बजे इतवारी से रवाना होगी। यह ट्रेन डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ और ब्रजराजनगर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह 6 बजे मधुपुर पहुंचेगी।

👉वापसी का भी रहेगा पूरा इंतजाम

श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन की वापसी सेवा भी यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी। गाड़ी संख्या 08896 मधुपुर-इतवारी स्पेशल 2 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार सुबह 9 बजे मधुपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए इतवारी पहुंचेगी ।

👉अगस्त में कुल 10 फेरे लगाएगी ट्रेन

श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन अगस्त महीने में दोनों दिशाओं को मिलाकर कुल 10 फेरे लगाएगी। इससे छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों से बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

👉यात्रा से पहले करें तैयारी

श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना आरक्षण करा लें और रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी की जानकारी अवश्य जांच लें। श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की संख्या अधिक रहने की संभावना है, इसलिए पहले से योजना बनाकर यात्रा करना बेहतर रहेगा।