iPhone ऑर्डर करने पर भेज दिया दाढ़ी बढ़ाने वाला तेल , 3 साल की कानूनी लड़ाई के बाद मिली जीत, अब ग्राहक को फ्लिपकार्ट देगा 1 लाख 80 हजार रुपये ,जानें पूरा मामला,उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग का आदेश…

मुंबई । मुंबई में आईफोन के ऑर्डर के बदले दाढ़ी बढ़ाने वाला तेल मिलने पर मुंबई के ग्राहक को लेकर अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट और विक्रेता को आदेश दिया कि वे पीड़ित को 1.11 लाख रुपये से अधिक की रकम वापस दे।

साथ ही, अदालत ने उन्हें 70,000 रुपये का मुआवजा और मुकदमा लड़ने में हुए खर्च का भुगतान करने का भी आदेश दिया। मुंबई स्थित जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने इस महीने की शुरुआत में आदेश सुनाया था। इसमें कहा गया कि ग्राहक की शिकायतों को बार-बार बिना कोई प्रभावी राहत दिए बंद कर दिया गया। यह अनुचित व्यापार व्यवहार के तहत आता है।

उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने यह भी गौर किया कि ऑनलाइन मंच के जरिए जरूरी भुगतान करके ऑर्डर दिया गया था। आयोग ने कहा, ‘इसलिए प्रतिवादी पक्ष नंबर एक (फ्लिपकार्ट) की यह जिम्मेदारी थी कि वह यह सुनिश्चित करे कि ग्राहक को ऑर्डर किया गया उत्पाद मिले और ग्राहकों की शिकायतों के समाधान के लिए एक असरदार व्यवस्था उपलब्ध कराए।’ आयोग ने कहा कि कोई ई-कॉमर्स संस्था केवल बिक्री की सुविधा प्रदान करने के बाद उस लेनदेन से खुद को अलग नहीं कर सकती, खासकर तब जब उपभोक्ता तुरंत यह शिकायत करे कि उसे पूरी तरह से अलग उत्पाद की आपूर्ति की गई है।

👉शिकायत की जांच तक नहीं की गई

आयोग ने कहा कि ग्राहक की शिकायत की सही तरीके से जांच नहीं की गई। गलत सामान मिलने के बाद उसे वापस नहीं लिया गया, न ही सही उत्पाद भेजा गया और न ही ग्राहक के पैसे लौटाए गए। इसके बजाय बिना कोई ठोस समाधान दिए शिकायत को बार-बार बंद कर दिया गया। आयोग ने इसे सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार माना। आयोग ने यह भी कहा कि विक्रेता इंटरनेशनल वैल्यू रिटेल प्राइवेट लिमिटेड ने ग्राहक को तय उत्पाद उपलब्ध नहीं कराया। ग्राहक की कई बार शिकायत करने के बावजूद कंपनी ने समस्या का समाधान नहीं किया, जिससे साफ है कि कंपनी ने अपनी सेवा देने में लापरवाही बरती।

👉22 अप्रैल 2023 को किया था ऑर्डर

आयोग ने अपने फैसले में कहा कि शिकायतकर्ता को हुए नुकसान और परेशानी के लिए ऑनलाइन मंच और विक्रेता दोनों ही संयुक्त रूप से और अलग-अलग तौर पर जिम्मेदार हैं। मुंबई के पवई इलाके में रहने वाले शिकायतकर्ता ने 22 अप्रैल 2023 को फ्लिपकार्ट से नो-कॉस्ट ईएमआई योजना के तहत 1,11,793 रुपये में आईफोन-14 प्रो खरीदा था। हालांकि, अलग से ऑर्डर किए गए चार्जर और कवर तो सही-सलामत आपूर्ति हो गए, लेकिन अगले दिन मिले मुख्य पैकेज में महंगे स्मार्टफोन की जगह दाढ़ी बढ़ाने वाला तेल और पैकिंग का सामान निकला।