थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘Jana Nayagan’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, पहले ही दिन 78.27 करोड़ की कमाई …

एजेंसी । थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Jana Nayagan’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है और रिलीज के पहले ही दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत की है। विजय के अभिनय करियर की कथित आखिरी फिल्म होने के कारण फैंस का उत्साह चरम पर रहा। देशभर के कई सिनेमाघरों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें और जश्न का माहौल देखने को मिला।

👉पहले दिन 78.27 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस

इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने भारत में पहले दिन करीब 41 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं ओवरसीज मार्केट से लगभग 30 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इसके साथ फिल्म का पहले दिन का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 78.27 करोड़ रुपये पहुंच गया।

👉तमिल वर्जन ने दिखाई सबसे ज्यादा ताकत

फिल्म की कमाई में सबसे बड़ा योगदान तमिल वर्जन का रहा। तमिल भाषा में फिल्म ने करीब 36.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके अलावा तेलुगू वर्जन से 2.75 करोड़ रुपये और हिंदी वर्जन से 1.75 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई।

थिएटरों में शानदार ऑक्यूपेंसी
तमिल वर्जन में पहले दिन 68.31 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। मॉर्निंग और नाइट शो में दर्शकों की सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। वहीं देशभर में फिल्म की औसत ऑक्यूपेंसी 41.6 प्रतिशत रही।

👉300 करोड़ के बजट में बनी फिल्म

करीब 300 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है। फिल्म में थलपति विजय, ममिता बैजू, बॉबी देओल और पूजा हेगड़े अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

रिलीज से पहले विवादों में रही
फिल्म रिलीज से पहले सेंसर सर्टिफिकेट में देरी और कानूनी विवादों के चलते चर्चा में रही। मामला अदालत तक पहुंचा और राजनीतिक विवाद भी सामने आए। सभी बाधाओं के बाद आखिरकार फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज हुई और दर्शकों से शानदार शुरुआती प्रतिक्रिया मिली।

👉विजय की आखिरी फिल्म होने से बढ़ा क्रेज

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘Jana Nayagan’ थलपति विजय के अभिनय करियर की आखिरी फिल्म मानी जा रही है। इसके बाद वे पूरी तरह राजनीति में सक्रिय होंगे। यही वजह है कि यह फिल्म उनके प्रशंसकों के लिए भावनात्मक रूप से भी बेहद खास बन गई है।

हालांकि फिल्म को समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन पहले दिन की कमाई ने साफ संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में फिल्म कई बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड बना सकती है।