KORBA : बेलगाम रफ्तार फिर बनी कॉल, कार की चपेट में आया बाइक सवार ,भीषण टक्कर से 2 की मौत ,3 अन्य घायल …

कोरबा । औद्योगिक नगरी कोरबा जिले में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गयी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग महिला का उपचार कराकर चिरमिरी की तरफ लौट रहे थे, तभी ये हादसा घटित हो गया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक सड़क दुर्घटना का ये मामला पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक पर तीन लोग सवार थे। चैतमा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और बाइक के परखच्चे उड़ गये। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

वहीं कार में सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि कार में एक महिला मरीज भी थी और कार सवार लोग रायपुर से इलाज कराने के बाद मनेन्द्रगढ़ की ओर लौट रहे थे। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। तत्काल घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी गई। घायलों को पहले कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने दुर्घटना पर मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।