CG : साइबर ठगी के मामले में 1 करोड़ की रिश्वत प्रकरण में नया मोड़ : ASI और कांस्टेबल लाइन अटैच, ट्रेनी IPS ऑफिसर के खिलाफ़ नहीं मिले सबूत ,18 को होगी CBI की स्पेशल कोर्ट में सुनवाई ….

अंबिकापुर।सरगुजा जिले के ट्रेनी IPS और अंबिकापुर CSP राहुल बंसल पर ठगी के मामले में हवाला के जरिए 1 करोड़ रिश्वत लेने का आरोप है। CBI कोर्ट दिल्ली में दाखिल परिवाद के बाद कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। वहीं, वायरल ऑडियो मामले में IG दीपक कुमार झा ने ASI प्रवीण कुमार राठौर और कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा को पुलिस लाइन अटैच किया गया है। IG दीपक कुमार झा का कहना है कि मामले में CSP राहुल बंसल के खिलाफ कोई सबूत नहीं है।

👉जानें क्या है मामला

CBI स्पेशल कोर्ट में दायर शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंबिकापुर साइबर सेल में पदस्थ ASI प्रवीण कुमार राठौर और कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा के जरिए रिश्वत का सौदा किया गया। शिकायत में 1 करोड़ रुपए की रकम हवाला ऑपरेटरों के जरिए पहुंचाने का आरोप है। मामले में छत्तीसगढ़ DGP को भी नोटिस जारी किया गया है।

हरियाणा के रहने वाले आकाश कुमार ने आरोप लगाया है कि ठगी के मामले की जांच के दौरान अंबिकापुर CSP राहुल बंसल ने दबाव बनाकर 1 करोड़ रुपए की रिश्वत ली। शिकायतकर्ता के मुताबिक, रिश्वत की रकम हवाला के जरिए पहुंचाई गई। साइबर सेल के ASI प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा ने इसमें बिचौलियों की भूमिका निभाई।

सरगुजा IG दीपक कुमार झा ने बताया कि साइबर रेंज थाना अंबिकापुर में साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में देश के अलग-अलग राज्यों से 23 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। मामले की जांच CSP राहुल बंसल के नेतृत्व में की जा रही थी।

जांच के दौरान आरोपी पक्ष ने CBI से शिकायत की थी। इस शिकायत के संबंध में पुलिस ने अपना जवाब दिया है। आरोपी पक्ष से 1 करोड़ रुपए के लेन-देन के आरोपों के संबंध में सबूत पेश करने को कहा गया था, लेकिन अब तक कोई सबूत पेश नहीं किया गया है।

👉CBI कोर्ट ने जारी किया नोटिस

आकाश कुमार ने मामले की शिकायत CBI से की थी। FIR दर्ज नहीं होने के बाद CBI स्पेशल कोर्ट में परिवाद दायर किया गया है। जिसमें ट्रेनी IPS राहुल बंसल, ASI प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7A, भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 308 और 351 के तहत FIR दर्ज करने की मांग की गई है।

शिकायत के साथ शपथ-पत्र, WhatsApp चैट और कॉल रिकॉर्डिंग भी कोर्ट में पेश की गई हैं। अब CBI की स्पेशल कोर्ट में दायर परिवाद पर सुनवाई की अगली तारीख 18 अगस्त निर्धारित की गई है।