बिलासपुर । देवरी कला में एक महिला ने व्यापारी नीरज श्रीवास्तव पर शादी का झांसा देकर 2015 से यौन शोषण करने का आरोप लगाया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे पति से तलाक दिलवाया और बाद में शादीशुदा होने की जानकारी सामने आने पर मारपीट व धमकी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शादी का झांसा देकर एक महिला का यौन शोषण करने, उसका घर तुड़वाने और बाद में मारपीट कर धमकी देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नगर के एक प्रमुख व्यापारी के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

मामला देवरी कला नगर का है, जहां एक किराना और कुरकुरे फैक्ट्री चलाने वाले व्यापारी नीरज श्रीवास्तव पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उप निरीक्षक समरथ सीनम ने बताया कि पीड़िता ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि वर्ष 2015 से आरोपी नीरज प्रताप पिता वीरेंद्र श्रीवास्तव उसे शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बना रहा था। आरोपी के बहकावे में आकर महिला ने अपने पति से तलाक ले लिया। इसके बाद आरोपी ने उसे अपने घर से दूर एक किराए का कमरा दिलवा दिया, जहां वह महिला और उसके बच्चों का पालन-पोषण कर रहा था।
👉पहले से शादीशुदा होने का पता चला तो की मारपीट
महिला का कहना है कि बुधवार को जब वह देवरी पहुंची, तो उसे जानकारी मिली कि नीरज पहले से ही शादीशुदा है। जब पीड़िता ने इस बात को लेकर आरोपी से सवाल किया और अपनी जिंदगी व भविष्य के बारे में पूछा, तो आरोपी भड़क गया। आरोप है कि नीरज ने महिला के साथ जमकर मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। उप निरीक्षक समरथ सीनम ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (शादी का झांसा देकर संबंध बनाना), धारा 115(2) (मारपीट करना) और धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
