श्रीलंका में सुथार का डंका,भारत के 600वें टेस्ट मैच में रचा इतिहास, विदेशी धरती पर 10 विकेट लेने वाले बने सबसे युवा भारतीय गेंदबाज ,165 रनों से पहला टेस्ट मैच जीत भारत ने सीरीज में 1-0 की बनाई बढ़त …

खेल। भारत के युवा स्पिन गेंदबाज मानव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट के दौरान रिकॉर्ड बुक में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया. वह विदेशी धरती पर खेले गए टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले सबसे युवा भारतीय गेंदबाज बन गए हैं.

उनके इस मैच जिताऊ प्रदर्शन की बदौलत भारत ने श्रीलंका को हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा.

मात्र 24 साल और 16 दिन की उम्र में सुथार ने पहली पारी में 76 रन देकर 4 विकेट और दूसरी पारी में 55 रन देकर शानदार 6 विकेट चटकाए. इस तरह मैच में कुल 10 विकेट लेकर वह विदेशी टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले सातवें भारतीय स्पिनर बन गए हैं. उन्होंने रविचंद्रन अश्विन, अनिल कुंबले और हरभजन सिंह जैसे महान खिलाड़ियों की लिस्ट में जगह बनाई है. सुथार इस ग्रुप के इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने 28 साल की उम्र से पहले यह उपलब्धि हासिल की है.

👉मानव सुथार की एक और उपलब्धि

सुथार अब उन चुनिंदा भारतीय गेंदबाजों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने पहले दो टेस्ट मैचों में एक से ज्यादा बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया है. वह अपने करियर के पहले दो टेस्ट के भीतर ही 10 विकेट हॉल लेने वाले चौथे भारतीय भी बन गए हैं. गॉल में वह भारत के तीन बाएं हाथ के स्पिनरों में सबसे जूनियर थे, फिर भी उन्होंने अपने अनुभवी साथियों को पीछे छोड़ते हुए जीत की मुख्य भूमिका निभाई.

👉गॉल में 3 बार 10 विकेट हॉल

इस जीत ने भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के 12 महत्वपूर्ण अंक दिलाए. यह अवसर इसलिए भी खास था क्योंकि यह भारत का 600वां टेस्ट मैच था. सुथार श्रीलंका के खिलाफ 10 विकेट लेने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज बने हैं. रिकॉर्ड बताते हैं कि श्रीलंका के खिलाफ भारतीयों द्वारा लिए गए आठ 10-विकेट हॉल में से तीन अकेले गाले के इसी मैदान पर आए हैं.

👉कप्तान शुभमन गिल ने क्या कहा?

कप्तान शुभमन गिल ने सुथार की प्रतिभा की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पहले मैच से लेकर अब तक बेहतरीन गेंदबाजी की है और उनमें लंबे समय तक भारत के लिए खेलने की क्षमता है. मैच जीतने के बाद ड्रेसिंग रूम में जश्न का माहौल था. सुथार को यशस्वी जायसवाल और मोहम्मद सिराज जैसे साथियों ने खास अंदाज में बधाई दी.