CG : तेज रफ्तार पिकअप बाक्साइट लोड ट्रक से जा टकराई, एक झटके में उजड़ गए 3 परिवार, 7 मजदूर जिंदगी की जंग लड़ रहे…

राजपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने 10 मजदूरों के परिवारों को झकझोर दिया। राजपुर-कुसमी मार्ग पर सेवारी के पास तेज रफ्तार पिकअप बाक्साइट लोड ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

👉आधी रात को हुआ भीषण हादसा, टमाटर की खेती के लिए जा रहे थे मजदूर

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के ग्राम नरोला के रहने वाले 10 मजदूर पिकअप में सवार होकर शंकरगढ़ जा रहे थे। सभी मजदूर टमाटर की खेती के काम के लिए निकले थे। इसी दौरान रात करीब 2 बजे सेवारी के पास तेज रफ्तार पिकअप की बाक्साइट से लदे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार मजदूरों को गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

👉अस्पताल पहुंचते ही 3 मजदूरों को मृत घोषित किया गया

अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रान साय (34), उदय कुमार (25) और अमर साय (35) के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं।

वहीं हादसे में घायल देव कुमार (34), भानू (32), अमर साय (40), लक्ष्मण (30), अजय कुमार (40), राय सिंह (38) और प्रदीप (34) को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इनमें कम से कम चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

👉रात के अंधेरे में मची चीख-पुकार, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पिकअप के क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे मजदूरों को बाहर निकालने में स्थानीय लोगों ने भी मदद की। सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।

राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मजदूरों के परिजनों को दे दी गई है। मृतकों के परिजन सुबह राजपुर पहुंचे। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

👉एक झटके में उजड़ गए 3 परिवार, 7 मजदूर जिंदगी की जंग लड़ रहे

मजदूरी के लिए घर से निकले इन मजदूरों ने शायद नहीं सोचा होगा कि रास्ते में ऐसा हादसा उनका इंतजार कर रहा है। हादसे में तीन मजदूरों की जान चली गई, जबकि सात अन्य अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।