दिल्ली । नेपाल में अचानक आज बुधवार (26 अगस्त, 2026) आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है. तिब्बत से शुरू हुआ बाढ़ का पानी नेपाल के कई इलाकों तक पहुंच गया. कई शहरों और गांवों में पानी भर गया है.
अब तक कई लोगों की मौत हुई है, जबकि सैकड़ों लोगों के लापता होने की खबर है. इनमें कई भारतीय भी शामिल बताए जा रहे हैं. इस बीच सोशल मीडिया पर बाढ़ के कई डरावने वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पानी की तेज रफ्तार और तबाही साफ दिखाई दे रही है. इन वीडियो में कुछ जगहों पर गाड़ियां, पुल और इमारतें बाढ़ के पानी में बहती नजर आ रही हैं.
👉5 मंजिला इमारत तक पहुंचा सैलाब
बाढ़ का सबसे डरावना वीडियो चीन के कब्जे वाले तिब्बत में बने इमिग्रेशन सेंटर का बताया जा रहा है. वीडियो में तेज रफ्तार से आता पानी करीब पांच मंजिला इमारत की ऊंचाई तक पहुंचता दिखाई देता है. कुछ ही सेकंड में बाढ़ की लहर इमारत को अपनी चपेट में ले लेती है. वीडियो में यह भी नजर आता है कि बाढ़ आने से कुछ समय पहले लोग इमारत से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे. हालांकि, उस समय इमारत के अंदर कितने लोग थे और उनका क्या हुआ, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि बाढ़ की शुरुआत इसी इलाके से हुई और बाद में इसका पानी नेपाल की तरफ बढ़ा.
👉चंद सेकंड में पूरा सेंटर पानी में डूबा
तिब्बत-नेपाल बॉर्डर से सामने आए एक दूसरे वीडियो में भी बाढ़ की ताकत साफ नजर आती है. इसमें अचानक तेज रफ्तार से पानी आता है और कुछ ही सेकंड में इमिग्रेशन सेंटर का बड़ा हिस्सा पानी में घिर जाता है. सेंटर के बाहर पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां भी पानी के तेज बहाव में बहती दिखाई देती हैं. वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों को संभलने तक का समय नहीं मिला. बाढ़ का पानी इतनी तेजी से आगे बढ़ा कि आसपास की चीजें उसके रास्ते में टिक नहीं सकीं. हालांकि, इन वीडियो में दिख रही जगहों और नुकसान को लेकर स्थानीय स्तर पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है
👉नेपाल में कई इलाकों में भारी नुकसान
तिब्बत से नेपाल तक आई इस बाढ़ ने कई इलाकों को प्रभावित किया है. कई पुल और सड़कें पानी के तेज बहाव में क्षतिग्रस्त हुई हैं. गांवों में भी पानी घुसने की खबर है. बाढ़ के कारण कई लोग अपने घरों से दूर फंस गए हैं और बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की बात सामने आई है. प्रशासन और राहत टीमों की ओर से बचाव का काम जारी है. हेलीकॉप्टरों की मदद से भी प्रभावित इलाकों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. इस बीच नेपाल और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की जा रही है.
