कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक प्रतिनिधि एवं ब्लॉक अध्यक्ष (युवा कांग्रेस ग्रामीण) जयकिशन पटेल ने ग्राम पंचायत सकदुकला में स्वीकृत सी.सी. रोड निर्माण कार्य शुरू नहीं होने का मामला उठाते हुए कलेक्टर को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में बताया गया है कि जिला खनिज न्यास संस्थान (DMF) मद से वित्तीय वर्ष 2024-25 में ग्राम पंचायत सकदुकला के ग्राम भेलवाटार (पीपर तालाब बांध की ओर) सी.सी. रोड निर्माण (भाग-2) के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। इस कार्य के लिए पंचायत को 40 प्रतिशत अग्रिम राशि 4 लाख 80 हजार रुपये भी जारी कर दी गई, लेकिन इसके बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया।
शिकायत के अनुसार, सड़क निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि जनपद पंचायत कोरबा द्वारा ग्राम पंचायत को कई बार कार्य प्रारंभ करने के लिए चेतावनी पत्र जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी पंचायत ने निर्माण कार्य शुरू नहीं किया।
जयकिशन पटेल ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच कर तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। यदि कार्य प्रारंभ नहीं कराया जा सकता है तो पंचायत को जारी की गई अग्रिम राशि की वसूली की जाए, ताकि शासकीय धन का दुरुपयोग न हो और ग्रामीणों को जल्द सड़क की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वीकृति और राशि जारी होने के बावजूद सड़क निर्माण लंबित रहना विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
