नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय उज्बेकिस्तान यात्रा खत्म हो गई है, लेकिन इस दौरे से जुड़े कई बड़े फैसले आने वाले समय में भारत-उज्बेकिस्तान के रिश्तों पर असर डाल सकते हैं। यात्रा के दौरान जहां दोनों देशों ने यूरेनियम की दीर्घकालिक सप्लाई को लेकर सहमति जताई, वहीं भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिन की वीजा-फ्री एंट्री का भी ऐलान हुआ।
पीएम मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलना भी इस यात्रा की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा।
👉यूरेनियम सप्लाई पर बनी सहमति

दौरे के दौरान सबसे अहम मुद्दों में से एक परमाणु ऊर्जा सहयोग रहा। पीएम मोदी ने पुष्टि की कि भारत और उज्बेकिस्तान के बीच यूरेनियम की लंबे समय तक सप्लाई को लेकर समझौता होगा।
भारत अपनी परमाणु ऊर्जा क्षमता बढ़ाने पर लगातार काम कर रहा है। ऐसे में उज्बेकिस्तान से होने वाली यूरेनियम सप्लाई भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
👉पीएम मोदी को मिला उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी को देश के सर्वोच्च राज्य सम्मान ‘ऑली दाराजली डस्टलिक’ से सम्मानित किया। यह सम्मान दोनों देशों के बीच बढ़ती दोस्ती और सहयोग को दर्शाता है। इसके साथ ही पीएम मोदी को मिलने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की संख्या 36 हो गई है।
👉पीएम मोदी ने दिया साफ संदेश
भारत और उज्बेकिस्तान के बीच ‘सिस्टर-सिटी’ और ‘सिस्टर-स्टेट’ से जुड़े तीन समझौतों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पीएम मोदी ने इस दौरान एक अहम बात रखते हुए कहा कि इन समझौतों का मकसद सिर्फ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करना नहीं होना चाहिए। दोनों देशों को ऐसा ठोस रोडमैप बनाना चाहिए, जिससे इन साझेदारियों का असर जमीन पर भी नजर आए।
👉’नया ताशकंद’ के लिए भारत की GIFT City बनेगी मिसाल
उज्बेकिस्तान इस समय ‘नया ताशकंद’ नाम से एक नया शहर विकसित कर रहा है। शहरी विकास पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने गुजरात की GIFT City का उदाहरण दिया।
उन्होंने उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल को भारत आने का न्योता दिया, ताकि वे GIFT City के विकास, प्लानिंग और तकनीकी मॉडल को करीब से देख सकें। इससे दोनों देशों के बीच शहरी विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ने की उम्मीद है।
👉पहली बार 1 अरब डॉलर के पार पहुंचा कारोबार
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने भारत को ‘विश्वसनीय रणनीतिक साझेदार’ बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार पहली बार 1 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है।
सिर्फ व्यापार ही नहीं, दोनों देशों के बीच संयुक्त उद्यमों में भी तेजी आई है। राष्ट्रपति के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों की तुलना में ऐसे संयुक्त उपक्रमों की संख्या करीब सात गुना बढ़ी है।
👉भारतीयों के लिए 30 दिन तक वीजा की जरूरत नहीं
इस यात्रा से आम भारतीय यात्रियों के लिए भी अच्छी खबर सामने आई। उज्बेकिस्तान ने भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिन की वीजा-फ्री एंट्री शुरू करने की घोषणा की है।
इस फैसले से पर्यटन के साथ-साथ कारोबार और दोनों देशों के लोगों के बीच सीधा संपर्क बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल भारत और उज्बेकिस्तान के बीच हर सप्ताह 14 सीधी उड़ानें भी संचालित हो रही हैं।
👉स्वतंत्रता स्मारक पहुंचे पीएम मोदी
ताशकंद पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने यांगी उज्बेकिस्तान पार्क का दौरा किया और स्वतंत्रता स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव भी उनके साथ मौजूद रहे।
कुल मिलाकर, पीएम मोदी का यह दौरा सिर्फ कूटनीतिक मुलाकातों तक सीमित नहीं रहा। ऊर्जा, व्यापार, निवेश, पर्यटन और शहरों के विकास जैसे क्षेत्रों में हुए फैसलों ने भारत और उज्बेकिस्तान की साझेदारी को एक नई दिशा देने की कोशिश की है।
