वाड्रफनगर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में एक पुलिस आरक्षक की मौत हो गई। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वाड्रफनगर पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक रामगोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
👉ड्यूटी के बाद विभागीय काम से निकले थे

जानकारी के मुताबिक, हादसा चंदौरा थाना क्षेत्र में हुआ। आरक्षक रामगोपाल शनिवार रात नाइट गश्त की ड्यूटी पर थे। ड्यूटी पूरी करने के बाद रविवार तड़के करीब 5 बजे वह पुलिस टीम के साथ वाड्रफनगर चौकी लौटे।
बताया जा रहा है कि इसके बाद वह बिना आराम किए विभागीय काम से प्रतापपुर के लिए रवाना हो गए। वहां काम पूरा करने के बाद बाइक से वाड्रफनगर लौटते समय अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर उनकी बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
👉टक्कर इतनी जोरदार कि मौके पर तोड़ा दम

ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आरक्षक रामगोपाल बाइक से दूर जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही चंदौरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की भूमिका और दुर्घटना के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
👉कर्तव्यनिष्ठ जवान की मौत से विभाग में शोक
सहकर्मियों के मुताबिक, आरक्षक रामगोपाल अपने काम के प्रति बेहद सजग और जिम्मेदार जवान थे। चौकी में भी उनकी अलग पहचान थी। पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके निधन को विभाग के लिए बड़ी क्षति बताया है। अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के बीच एक कर्तव्यनिष्ठ जवान का इस तरह असमय चले जाना बेहद दुखद है।
👉पत्नी और दो बच्चों के सिर से उठा सहारा
आरक्षक रामगोपाल की मौत की खबर से उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। ट्रक जब्त किए जाने के बाद दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटाया जा रहा है।
