टीम इंडिया पहली बार जापान के खिलाफ खेलेगी T20I मैच,BCCI ने किया ऐलान

दिल्ली । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार 4 सितंबर को एक बड़ा ऐलान किया है। BCCI के मुताबिक, एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत करने से पहले भारतीय मेंस क्रिकेट टीम जापान के खिलाफ एक ऐतिहासिक टी20 मैच खेलेगी।

एशियन गेम्स में भारत का पहला मुकाबला 28 सितंबर को होना है और उससे ठीक 6 दिन पहले यानी कि 22 सितंबर को जापान के साथ यह मैच खेला जाएगा। मेंस क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब भारत और जापान की टीमें आपस में भिड़ेंगी।

👉BCCI ने सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट

बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर जानकारी दी है कि भारत और जापान के बीच रिश्तों की 75वीं सालगिरह का जश्न मनाने के लिए यह ऐतिहासिक टी20 मैच आयोजित किया जा रहा है। बोर्ड द्वारा शेयर की गई फोटो के मुताबिक यह मुकाबला मंगलवार 22 सितंबर को जापान के टोचिगी प्रीफेचर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।

भारत और जापान के बीच डिप्लोमैटिक रिलेशन के 75 साल पूरे हो रहे हैं। इस खास मौके का जश्न मनाने के लिए दोनों देशों की मेंस क्रिकेट टीमें 22 सितंबर 2026 को जापान के टोचिगी शहर में एक ऐतिहासिक T20 इंटरनेशनल मैच खेलेंगी। यह मैच “स्पोर्ट 75” नाम की एक नई पहल का हिस्सा है, जिसे जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई बैठक में तय किया गया था। इसका मुख्य मकसद दोनों देशों के बीच खेल के जरिए रिश्तों और दोस्ती को और मजबूत करना है। साथ ही, यह पहल भारत के साल 2036 में ओलंपिक और पैरालंपिक गेम्स की मेजबानी करने के सपने को ध्यान में रखकर बनाई गई है, ताकि खेल के क्षेत्र में दोनों देश एक-दूसरे की मदद कर सकें।

👉देवजीत सैकिया ने इंडिया-जापान मैच को लेकर क्या कहा?

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम का जापान जाकर यह T20 मैच खेलना बहुत खुशी और गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि यह मैच क्रिकेट को जापान और पूर्वी एशिया के बाकी हिस्सों में लोकप्रिय बनाने का एक शानदार मौका है। भारत और जापान की दोस्ती सालों पुरानी और बेहद मजबूत रही है, और खेल के जरिए इस 75 साल के रिश्ते का जश्न मनाना वाकई में एक खास अनुभव होगा। एशियन गेम्स से पहले भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के लिए हाल ही में टीम इंडिया का ऐलान किया गया था।