KORBA : स्व-सहायता समूहों की दीदियों को आजीविका से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल,बैंक क्रेडिट लोन मेले में 137 समूहों को 5.07 करोड़ रुपए की दी गई ऋण स्वीकृति,42 समूहों को ₹1.18 करोड़ का वितरण

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में स्व-सहायता समूहों की दीदियों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 02 सितंबर 2026, बुधवार को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सभाकक्ष में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत बैंक क्रेडिट लोन मेले का आयोजन किया गया।

लोन मेले में स्व-सहायता समूहों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों के लिए बैंक लिंकेज के माध्यम से 137 समूहों के लिए कुल ₹5 करोड़ 7 लाख की ऋण राशि स्वीकृत की गई। वहीं 42 स्व-सहायता समूहों को ₹1 करोड़ 18 लाख की ऋण राशि का वितरण किया गया। इससे समूह की दीदियों को स्वरोजगार एवं आयमूलक गतिविधियों को विस्तार देने में मदद मिलेगी।

इसी प्रकार उद्यम लोन (स्वयं सिद्ध) के अंतर्गत 28 प्रकरणों में कुल ₹28 लाख की ऋण राशि स्वीकृत की गई, जबकि ₹3 लाख की राशि का वितरण किया गया। उद्यम लोन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को छोटे उद्यम स्थापित करने एवं संचालित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

लोन मेले में बैंक लिंकेज एवं ऋण प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के साथ समूह की दीदियों को उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में लीड बैंक प्रबंधक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, विकासखंड परियोजना प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक, बिहान की दीदियां एवं हितग्राही उपस्थित रहे।