कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां अलगू तालाब में नहाने गईं 3 मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चियों की उम्र 7 और 8 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। एक ही बस्ती की रहने वाली तीनों बच्चियां आपस में सहेलियां थीं। हादसे के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
👉स्कूल नहीं गई थीं तीनों बच्चियां

पुलिस के मुताबिक नुनेरा गांव की रहने वाली इंदु अगरिया पिता दुर्जन, राखी पिता मलखम और साधना पिता सुखसिंह गुरुवार को स्कूल नहीं गई थीं। तीनों बच्चियां अपने-अपने घरों पर थीं। दोपहर के समय तीनों सहेलियां नहाने के लिए गांव के अलगू तालाब पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि उस समय तालाब के आसपास कोई मौजूद नहीं था।
👉गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

नहाने के दौरान तीनों बच्चियां तालाब के गहरे पानी की ओर चली गईं और डूब गईं। काफी समय बीतने के बाद भी जब तीनों घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन और ग्रामीण बच्चियों की तलाश करते हुए तालाब पहुंचे। वहां उनके कपड़े और चप्पलें पड़ी मिलीं, जिसके बाद अनहोनी की आशंका और गहरा गई।
👉तालाब में मिला पहला शव, फिर शुरू हुई तलाश
इसी दौरान एक ग्रामीण की नजर तालाब के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। शव की पहचान इंदु अगरिया के रूप में हुई। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ तालाब के पास जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की।
👉खोज अभियान के बाद मिले राखी और साधना के शव
काफी देर तक चले खोज अभियान के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए। एक साथ तीन बच्चियों की मौत की खबर से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तीनों बच्चियों की मौत डूबने से होने की बात सामने आई है।
👉नुनेरा गांव में पसरा मातम
तीन मासूम सहेलियों की एक साथ मौत से पूरे नुनेरा गांव में शोक का माहौल है। हादसे ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद खुले जलस्रोतों और तालाबों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
