कोरबा। लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम अरेतरा में 18 सितंबर की रात एक दुखद घटना सामने आई, जहां एक युवक और युवती के शव एक ही पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके मिले। एक साथ दो शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
👉एक ही पेड़ पर मिले युवक-युवती के शव

घटना की सूचना मिलते ही लेमरू पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और दोनों शवों को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। मृतकों की पहचान ग्राम अरेतरा निवासी मुकेश यादव और पुनीता मझवार के रूप में हुई है।
👉प्रेम संबंध की चर्चा, कई सवालों की जांच
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि मुकेश यादव और पुनीता मझवार के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे। हालांकि, किन परिस्थितियों में दोनों ने यह कदम उठाया, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
👉पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस के अनुसार, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटा रही है।
👉2 परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
