KORBA : रेलवे को यात्रियों के समय से नहीं है सरोकार ! वैनगंगा एक्सप्रेस 5 घण्टे लेट,कोरबा स्टेशन पर बढ़ा यात्रियों का इंतजार …

कोरबा। कोरबा से यशवंतपुर तक चलने वाली वैनगंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रविवार को करीब 5 घंटे विलंब से चलने की सूचना से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। ट्रेन का कोरबा स्टेशन से निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 8.05 बजे है, लेकिन सुबह 8.20 बजे तक ट्रेन स्टेशन नहीं पहुंची थी। इसके बाद ट्रेन के लगभग 5 घंटे देरी से चलने की जानकारी मिलने पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
ट्रेन में सफर करने वाले कई यात्रियों ने पहले से अपनी आगे की यात्रा की योजना बना रखी थी। कुछ यात्रियों को दूसरे शहरों में जरूरी काम से पहुंचना था, जबकि कई यात्रियों को आगे दूसरी ट्रेन या बस पकड़नी थी। ट्रेन के विलंब से उनकी पूरी यात्रा योजना प्रभावित होने की स्थिति बन गई।

यात्रियों ने कहा कि ट्रेन के कई घंटे विलंबित होने की जानकारी समय रहते मिल जाए तो वे अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर सकते हैं। यात्रियों ने रेलवे से मांग की कि ट्रेनों के संचालन में समयबद्धता के साथ-साथ विलंब की स्थिति में यात्रियों को स्पष्ट और समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
कोरबा निवासी रमेश कुमार ने कहा कि ट्रेन का निर्धारित समय सुबह 8.05 बजे होने के कारण वे समय पर स्टेशन पहुंच गए थे। लेकिन ट्रेन के कई घंटे विलंबित होने की जानकारी से उन्हें परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि रेलवे को यात्रियों को पहले ही देरी की जानकारी देनी चाहिए।


संजय साहू ने कहा कि ट्रेनों की लेटलतीफी का सीधा असर यात्रियों के जरूरी काम पर पड़ता है। कई लोग ट्रेन के समय के अनुसार अपनी पूरी दिनचर्या और आगे की यात्रा तय करते हैं।
अमित अग्रवाल ने कहा कि परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों के लिए घंटों स्टेशन पर इंतजार करना मुश्किल होता है। बच्चों और बुजुर्गों के साथ यात्रा करने वालों को विशेष परेशानी होती है।
यात्रियों का कहना है कि कोरबा से बड़ी संख्या में लोग रोजाना रेल यात्रा करते हैं। ऐसे में महत्वपूर्ण ट्रेनों का समय पर संचालन जरूरी है। यात्रियों ने रेलवे से ट्रेनों की समयबद्धता सुधारने और देरी होने पर नियमित अपडेट देने की मांग की है।

👉सांसद ने जताई थी हैरानी

लंबी दूरी की एक्सप्रेस व मेल ट्रेनों की लेटलतीफी के मुद्दे पर गुरुवार को कोरबा प्रेस क्लब में मीडियाकर्मियों से चर्चा के दौरान कोरबा-कोरिया लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने भी नाराजगी व हैरानी जताई थी। उन्होंने इसकी मूल वजह कोयला ढुलाई बढ़ाने मालगाड़ियों के परिचालन को प्राथमिकता देना बताया था। मीडियाकर्मियों के साथ परिचर्चा में ट्रेन चालकों को 4 घण्टे तक ट्रेन को विलंब से पहुंचाने की स्थिति में भी कार्रवाई नहीं किए जाने संबंधी दिए छूट की इसे परिणीति बताई गई। परिणाम स्वरूप ट्रेनों में सफर कर रहे यात्री इसका खामियाजा भुगत रहे हैं।