CG : ट्रिपल मर्डर से राजधानी में मची सनसनी ,चरित्रशंका में पति बना हैवान, पत्नी और 2 बच्चों की चाकूमार ले ली जान,चाकू से खुद को भी किया घायल …

रायपुर । राजधानी रायपुर में शनिवार देर रात ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। माना क्षेत्र के डूमरतराई स्थित साहू पारा में एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की धारदार चाकू से हत्या कर दी। तीनों की मौत के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर शक के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और अन्य परिस्थितियों की पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात माना थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि डूमरतराई स्थित साहू पारा में आरोपी भुनेश्वर साहू का परिवार निवास करता है। वह मूल रूप से बालोद जिले का रहने वाला बताया जा रहा है और डूमरतराई के साहू पारा में किराए के मकान में रहता था। शनिवार देर रात भुनेश्वर ने अपनी पत्नी और दोनों नाबालिग बच्चों पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल वह चिकित्सकीय निगरानी में है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है। घटनास्थल को सुरक्षित कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब हत्या की वजह, वारदात के क्रम और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी और परिवार के बीच पहले से किसी तरह का विवाद था या नहीं, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात के बाद डूमरतराई इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़े कई और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।