कोरबा । रावण दहन के बाद मुड़ापार बाजार के पास आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चाकू से ताबड़तोड़ वार कर एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई । सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश में रातभर सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

मुड़ापार बाजार के निकट रावण दहन मैदान के पीछे बस्ती में एक पुराने पेड़ के पास किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और एक युवक पर चाकू से करीब आधा दर्जन वार कर दिए गए। गंभीर रूप से घायल युवक मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा जबकि हमलावर घटनास्थल से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। युवक की मौत की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
👉रात भर चली तलाश 3 आरोपी गिरफ्तार

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पूरी रात चले सर्च अभियान के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
👉आला अधिकारी मौके पर जांच जारी
घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस घटना के पीछे की वजह विवाद में शामिल लोगों की भूमिका और वारदात के घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की पूछताछ जारी है।
