उत्तरप्रदेश-एटा । अगर आप या बच्चे नूडल्स खा रहे हैं तो सावधानीपूर्वक खाने चाहिए, वरना परेशानी हो सकती है और कभी-कभी जान भी चली जाती है। जैसा कि मिरहची की तनू के साथ हुआ। उसकी सांस नली में चाऊमीन फंस गई और उसकी मौत हो गई। चिकित्सक भी यही राय दे रहे हैं कि नूडल्स के बारे में जागरूक होना बहुत आवश्यक है।

मेडिकल कालेज के सीएमएस डा. एस चंद्रा बताते हैं कि सांस नली को विंड पाइप बोला जाता है। विशेष तौर पर नूडल्स को चबाकर खाना चाहिए, ताकि वह आसानी से पेट के अंदर जाए और उसका कोई भी कण सांस नली को प्रभावित न कर पाए। नूडल्स लंबे और चिकने होते हैं, जिससे बिना ठीक तरह चबाए खाने से गले में फिसलने का खतरा रहता है और नूडल्स का टुकड़ा सांस नली तक पहुंच सकता है। वे कहते हैं कि तनू के बारे में जो बताया गया है उसके अनुसार ऐसा ही लगता है। उन्होंने कहा कि छोटे निबाले लें, चम्मच में बहुत अधिक चाऊमीन न उठाएं, उसे पूरी तरह से चबाएं तब तक जब तक वह महीन नहीं हो जाती। खाते समय हंसने और बोलने से बचें। एक सावधानी और बरतें कि बैठकर खाएं। खाते समय बोलने से एपिग्लोटिस यानी कि सांस की नली का ढक्कन खुल जाता है और फिर जान आफत में पड़ जाती है। छोटे बच्चों को चाऊमीन खिला रहे हैं तो उसे छोटे टुकड़ों में काट लें।
अगर चाऊमीन गले या सांस की नली में फंस जाए तो तुरंत हाइमलीच मेन्युवर का उपयोग करें। इसका मतलब है कि अगर कोई खाते समय सांस नहीं ले पा रहा है तो पीड़ित व्यक्ति के पीछे खड़े होकर उसके पेट के ऊपरी हिस्से यानी कि नाभि के ऊपर की तरफ तेजी से दबाएं। इससे फंसा हुआ खाना बाहर निकल सकता है।
