दिल्ली। देव दीपावली के पावन पर्व पर आज भगवान शिव की नगरी काशी जगमगा उठी। गंगा के 84 घाटों पर 21 लाख दीये जलाए गये। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 11 लाख दीपक प्रज्ज्वलित कराए गए, वहीं 10 लाख दीप काशी की विभिन्न संस्थाओं और आम लोगों के द्वारा जलाए गये।

योगी सरकार में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सबसे पहला दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। देव दीपावली पर इस भव्य नजारे को देखने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग वाराणसी पहुंचे। गंगा घाटों पर दीपों की कतारों की अद्भुत छटा देखने लायक रही।
दशाश्वमेध घाट, असी घाट, तुलसी घाट समेत 51 घाटों पर एक साथ भव्य गंगा आरती का भी आयोजन किया गया। हर तरफ दीयों की जगमग और मंत्रोच्चार के बीच घंटियों और आरती की गूंज से हर कोई भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इसके अलावा भी कई अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। चेत सिंह किले पर 3D प्रोजेक्शन और लेजर शो के जरिए काशी की संस्कृति और धार्मिक विरासत के बारे में दिखाया गया।
इसके अलावा ड्रोन शो भी आयोजित किया गया। ललिता घाट के सामने जोरदार आतिशबाजी की गई। इस विशेष अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग के द्वारा काशी आने वाले पर्यटकों के लिए GPS आधारित ‘वाराणसी 84 घाट ऑडियो बुक-ऑडियो टूर’ की शुरुआत की गई। इसके जरिए अब पर्यटक काशी के सभी 84 घाटों के इतिहास, वहां के धार्मिक महत्व और पौराणिक कथाएं के बारे में जानकारी ले सकेंगे।
वहीं इस दौरान बबुआ पांडे घाट पर दीपों की मदद से ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा लिखा गया। दीपों से सजा यह नारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बन गया और लोग इसके साथ सेल्फी लेते हुए भी दिखाई दिए।
