CG: अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में 50 लाख रुपये की कथित हेराफेरी,FIR के बाद भी आरोपियों के गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारी नाराज,मंत्री श्री अग्रवाल ने TI को लगाई फटकार, फोनकर बोले -‘चोर नहीं पकड़ पा रहे तो मुझे छुड़ाने आ जाएं ‘…

0 TI ने कार्रवाई के लिए 2 दिन का मांगा समय

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री एक थाना प्रभारी को फोन पर फटकार लगाते हुए जल्द कार्रवाई करने की बात कहते नजर आ रहे हैं। मामला अंबिकापुर की अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में हुई करीब 50 लाख रुपये की कथित चोरी से जुड़ा है। पुलिस की कार्रवाई में देरी से नाराज व्यापारियों ने सोमवार शाम अग्रसेन भवन में मंत्री के सामने अपनी शिकायत रखी थी।

जानकारी के मुताबिक, व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल को बताया कि चोरी की शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। व्यापारियों ने यह आरोप भी लगाया कि थाना प्रभारी को खर्चा-पानी देने के बावजूद मामले में कार्रवाई नहीं हुई।

व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने तत्काल अपना मोबाइल फोन निकाला और संबंधित कोतवाली थाना प्रभारी को कॉल किया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि 40-50 व्यापारियों ने उन्हें बांधकर बैठा लिया है। अगर चोरों को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस टीम भेज दें।

मंत्री के इस सख्त तेवर के बाद थाना प्रभारी ने मामले में दो दिन के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। अब व्यापारियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही चोरी के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

👉अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में 50 लाख रुपये की कथित हेराफेरी

पूरा मामला खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में 50 लाख रुपये से अधिक की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में फर्म में पिछले छह साल से काम कर रही बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की पर कथित रूप से फर्जी सील और रसीदें तैयार करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि इन दस्तावेजों के आधार पर पिछले चार महीनों में कंपनी का सामान पिकअप सहित अन्य वाहनों से गंगापुर स्थित एक दूसरे गोदाम में पहुंचाया गया।

👉कर्मचारी के खुलासे के बाद सामने आया मामला

बताया गया है कि कंपनी के एक कर्मचारी से मिली जानकारी के बाद सामान और रिकॉर्ड का मिलान कराया गया। जांच में 50 लाख रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी सामने आने का दावा किया गया है। इसके बाद कंपनी संचालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

फिलहाल इस मामले में मंत्री के हस्तक्षेप और थाना प्रभारी को दो दिन में कार्रवाई के आश्वासन के बाद पुलिस की अगली कार्रवाई पर व्यापारियों की नजरें टिकी हैं। शिकायत में नामजद लोगों पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।