बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक 22 वर्षीय युवती ने अपने स्कूल के दोस्त पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर गर्भपात की दवा खिलाने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उससे पैसे और सोने की चेन भी ली, लेकिन अब शादी करने से इनकार कर रहा है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार जांजगीर जिले की रहने वाली 22 वर्षीय युवती बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है और एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। युवती मंगला के अभिषेक विहार फेस-1 निवासी विशाल पुरी गोस्वामी को बचपन से जानती थी। दोनों स्कूल में साथ पढ़ते थे। शिकायत के मुताबिक, जुलाई 2025 में विशाल ने युवती को किराए का मकान दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी। आरोप है कि विशाल ने युवती से प्यार का इजहार करते हुए शादी करने का वादा किया।
युवती उसकी बातों पर भरोसा करने लगी और दोनों के बीच मिलना-जुलना शुरू हो गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2025 में एक रात उसकी सहेली घर पर नहीं थी। इसी दौरान रात करीब 10 बजे विशाल उससे मिलने पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान उसने शादी का वादा कर युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी ने मोबाइल फोन से उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। बाद में इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह उस पर दबाव बनाता रहा और उसका यौन शोषण करता रहा।
👉गर्भवती होने पर खिलाई गर्भपात की दवा
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उससे समय-समय पर पैसों की मांग करता था। युवती ने उसे पैसे दिए और अपनी सोने की चेन भी रखने के लिए दी थी। आरोप है कि मांगने के बावजूद आरोपी ने चेन वापस नहीं की। युवती ने शिकायत में बताया कि लगातार शारीरिक संबंध बनने के कारण वह गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया। आरोप है कि विशाल ने बाद में शादी करने की बात कही और उसे गर्भपात की दवा लाकर खिला दी। पीड़िता का कहना है कि जब उसने दोबारा शादी की बात उठाई, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और शादी करने से इनकार कर दिया।
आरोपी के कथित व्यवहार से परेशान होकर युवती ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसकी मां सोने की चेन वापस मांगने आरोपी के घर पहुंची। शिकायत के अनुसार, वहां विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने विशाल पुरी गोस्वामी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
