CG : दीपावली से पहले आई खुशियां , नगर सैनिकों का सरकार ने बढ़ाया मानदेय,जानिए अब कितना मिलेगा …

रायपुर । छत्तीसगढ़ में दीपावली से ठीक पहले नगर सैनिकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने नगर सैनिकों के मानदेय में बढ़ोतरी की है। अब नगर सैनिकों को 30,870 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इस फैसले से प्रदेश के करीब 7,900 नगर सैनिकों और उनके परिवारों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और गृह मंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में यह निर्णय लिया गया है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में नगर सैनिकों के मानदेय में इससे पहले वर्ष 2017 में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 13,200 रुपये प्रतिमाह किया गया था। इसके बाद 30 मई 2023 को जारी आदेश के तहत 1 अप्रैल 2023 से मानदेय में 6,300 रुपये की वृद्धि की गई, जिससे यह बढ़कर 19,500 रुपये प्रतिमाह हो गया था। सरकार ने अब मानदेय बढ़कर 30,870 रुपये प्रतिमाह होने से नगर सैनिकों को पहले की तुलना में अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी।

नगर सैनिकों के बढ़े हुए मानदेय में मूल मानदेय के साथ महंगाई भत्ता और वर्दी धुलाई भत्ता शामिल है। निर्धारित विवरण के मुताबिक, मूल मानदेय 19,500 रुपये प्रतिमाह, 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता 11,310 रुपये और वर्दी धुलाई भत्ता 60 रुपये होगा। इस तरह कुल मानदेय 30,870 रुपये प्रतिमाह हो गया है। प्रतिदिन के हिसाब से यह राशि 1,029 रुपये है।

नगर सैनिक छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अग्निशमन सेवाओं और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी सेवाएं देते हैं। गृह विभाग ने मानदेय बढ़ाने के पीछे न्यायालय के निर्देशों, बढ़ती महंगाई और ड्यूटी के दौरान नगर सैनिकों के योगदान को प्रमुख आधार बताया है। सरकार के इस फैसले से नगर सैनिकों के आर्थिक संबल और मनोबल को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मानदेय में बढ़ोतरी के लिए नगर सैनिकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया है।