CG : AK-47 से हर्ष फायरिंग पर IPS अंकिता शर्मा की बढ़ी मुश्किलें ! पुलिस मुख्यालय ने मांगा स्पष्टीकरण …

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन के दौरान AK-47 से हर्ष फायरिंग करने के मामले में एसपी अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा गया है। राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जवाब मांगा गया है। वीडियो सामने आने के बाद हथियारों के इस्तेमाल और सुरक्षा नियमों को लेकर सवाल उठे थे।

👉पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कार्रवाई

आईजी अजय यादव के मुताबिक, मामला पुलिस मुख्यालय के संज्ञान में आया है। अंकिता शर्मा का जवाब मिलने के बाद आईजी अपनी टिप्पणी के साथ प्रकरण मुख्यालय को भेजेंगे। आगे की कार्रवाई मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार तय होगी।

👉क्या है पूरा मामला?

विजयादशमी पर राजनांदगांव पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया था। इस दौरान एसपी अंकिता शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान AK-47 से फायरिंग करते हुए उनका वीडियो सामने आया। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि उन्होंने नौ राउंड फायर किए। इसके बाद हथियार संभालने के तरीके और सुरक्षा प्रक्रियाओं को लेकर विवाद शुरू हो गया।

👉पूर्व सैन्य अधिकारी ने भी उठाए सवाल

पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने हथियार संभालने के तरीके और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए।

👉तीसरे प्रयास में UPSC पास कर बनी थीं IPS

अंकिता शर्मा छत्तीसगढ़ कैडर की 2018 बैच की IPS अधिकारी हैं। उन्होंने तीसरे प्रयास में UPSC सिविल सेवा परीक्षा पास कर ऑल इंडिया रैंक 203 हासिल की थी। वह खैरागढ़ में एसपी और रायपुर के आजाद चौक में CSP सहित विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।

👉जवाब के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

फिलहाल अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनका जवाब मिलने के बाद आईजी अपनी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजेंगे। अभी तक किसी अंतिम अनुशासनात्मक कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।