CG : प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के इन सवालों से घिर गईं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े …

रायपुर । छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे के दूसरे दिन भी बैठकों का दौर जारी रहा। सोमवार को राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ हुई बैठक को लेकर एक ऐसी चर्चा सामने आई हैए जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों की संख्या को लेकर प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने सवाल पूछ लिया। लेकिन मंत्रीजी इस सवाल का सटीक आंकड़ों के साथ जवाब नहीं दे सकीं। हालांकि, इस घटनाक्रम को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब एक बजे छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रिमंडल के साथ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के मंत्री शामिल हुए। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में प्रदेश के विकास और अहम मुद्दो पर सार्थक चर्चा हुई। इसके साथ ही प्रदेश प्रभारी ने कई मंत्रियों से उनके विभागों और शासन की योजनाओं की जानकारी भी ली। बैठक के दौरान स्मृति ईरानी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से प्रदेश की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के कामकाज की जानकारी लेते हुए महतारी वंदन योजना से जुड़े लाभार्थियों की संख्या पूछी।

बताया जा रहा है कि सवाल के जवाब में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सटीक आंकड़ा नहीं बता सकीं। उनके जवाब को लेकर बैठक में असंतोष की चर्चा भी सामने आई है। जिसके बाद स्मृति ईरानी ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को उनके विभागों के साथ ही शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की ग्राउंड रियलिटी से हमेशा अपडेट रहने की सलाह दी गई । आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना राज्य की प्रमुख महिला-केंद्रित योजनाओं में शामिल है। ऐसे में योजना के लाभार्थियों की संख्या, क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचने से जुड़े आंकड़े महिला एवं बाल विकास विभाग के कामकाज के महत्वपूर्ण पहलू हैं। ऐसे में शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर प्रदेश प्रभारी के सामने मंत्री का कथित तौर पर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाना अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

👉मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा या संगठनात्मक संदेश ?

स्मृति ईरानी के दौरे के दौरान विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें की जा रही हैं। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, सरकार और संगठन के बीच तालमेल बढ़ाने तथा वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हो रही है। ऐसे में मंत्रियों के साथ विभागीय योजनाओं को लेकर होने वाला संवाद सरकार के कामकाज की समीक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि लक्ष्मी राजवाड़े से कथित तौर पर पूछे गए सवाल के बाद किसी औपचारिक नाराजगी या कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, स्मृति ईरानी की बैठक में महतारी वंदन योजना को लेकर पूछे गए सवाल और मंत्री के कथित जवाब पर चर्चा जरूर है।