KORBA : कनकी में विकास कार्यों के नाम पर 1 करोड़ की शासकीय धनराशि का गबन ! वर्तमान पूर्व सरपंच ,पूर्व सचिव पर गंभीर आरोप ,जिम्मेदार करारोपण अधिकारियों ने बयान तक नहीं लिया, कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग,जानें पूरा मामला …

कोरबा । जनपद पंचायत करतला के ग्राम पंचायत कनकी में विकास कार्यों के नाम पर शासकीय धनराशि का बंदरबाट किए जाने को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व व वर्तमान सरपंच,पूर्व सचिव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
तकरीबन 1 करोड़ रुपए के नलजल योजना ,सी.सी. रोड ,मरम्मत व निर्माण कार्यों के नाम पर आंशिक कार्य कराकर संपूर्ण शासकीय धनराशि का गबन करने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने लिखित शिकायत के बावजूद जनपद पंचायत के करारोपण अधिकारी दादूसिंह पैकरा ,देव सिंह पैकरा ,संतोष कुमार नायर ,तथा वर्तमान सचिव खिलेश कुमार पर शिकायतकर्ताओं ने बयान दर्ज नहीं लेने निष्पक्ष जांच नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

कलेक्टर जनदर्शन में सोमवार को की गई लिखित शिकायत में ग्राम पंचायत कनकी के ग्रामीण जय कुमार, श्रीनिधि ,संदीप राजवाड़े,शशांक राजवाड़े एवं आशीष कुमार ने बताया है कि ग्राम कनकी में तकरीबन 1 करोड़ की लागत से नलजल योजना (नलकूप),सीसी रोड,मरम्मत व निर्माण कार्य कराया गया है।।जिसमें वर्तमान सरपंच फूलबाई मांझी,पूर्व सचिव लक्ष्मी राजपूत, पूर्व सरपंच बिहारी लाल मंझवार तथा अन्य लोगों के द्वारा आंशिक रूप से कार्य कराकर सम्पूर्ण राशि का गबन कर लिया गया है। शिकायकर्ता ग्रामीणों के अनुसार 5 अक्टूबर 2026 को उन्होंने इसकी लिखित शिकायत की थी। किंतु जनपद पंचायत करतला में पदस्थ सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी दादूसिंह पैकरा ,देव सिंह पैकरा ,संतोष कुमार नायर ,तथा वर्तमान सचिव खिलेश कुमार ने उनका बयान दर्ज नहीं किया । ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

👉 करारोपण अधिकारी दादू सिंह पैकरा की कार्यशैली पर पूर्व में भी लग चुके हैं गंभीर आरोप

यह पहला अवसर नहीं है जब सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी दादूसिंह पैकरा पर शिकायती जांच में शिकायतकर्ताओं का बयान नहीं लिए जाने ,प्रकरण की निष्पक्ष जांच नहीं किए जाने का आरोप लगा हो। इससे पूर्व 21 अगस्त को कलेक्टर को लिखित शिकायत कर जनपद पंचायत करतला, जिला कोरबा (छ.ग.) के अंतर्गत् ग्राम पंचायत- जामपानी, महोरा, सुपातराई, ढनढनी, रामपुर, मदवानी, पीडिया, जमनीपाली, करतला, खरवानी, चांपा, रीवांपार, जोगीपाली-क एवं सुवरलोट में वित्तीय वर्ष 2024-25 में 15वें वित्त मद से कराए गए कार्यों की व्यापक लोकहित में ग्रामसभा कार्यवाही पंजी, उपस्थिति पंजी, व्यय प्रमाणक, देयक व्हाउचर, इनवाईस बिल, टी.डी.एस. कटौती, जमा राशि एवं गुणवत्ता का परीक्षण कर भौतिक सत्यापन कराए जाने संबंधी किए गए शिकायत पत्र में उपसंचालक पंचायत, जिला कोरबा (छ.ग.) द्वारा दिए गए जांच आदेश पर
जांच के नाम पर निर्धारित नियमों की अनदेखी कर औपचारिकता का निर्वहन किए जाने की शिकायत हो चुकी है। जिसमें अभी भी जांच प्रतिवेदन लंबित होने की वजह से कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। संबंधितों की शिकायत मुख्य सचिव छग शासन एवं कमिश्नर बिलासपुर तक हो चुकी है।