जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश ,पायलट समेत ब्रदीनाथ से लौट रहे 6 श्रद्धालुओं की मौत

उत्तराखंड। उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर लौट रहा हेलीकॉप्टर मारवाड़ी क्षेत्र में चाई गांव की पहाड़ी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी में हेलीकॉप्टर के लापता होने की खबर सामने आई थी, जिसके बाद जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF ने संयुक्त रूप से तलाशी एवं बचाव अभियान शुरू किया। सर्च ऑपरेशन के दौरान हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने और सभी यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई।

👉बद्रीनाथ से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर रवाना हुआ था। जोशीमठ क्षेत्र पार करते समय हेलीकॉप्टर का संपर्क ट्रैकिंग सिस्टम से अचानक टूट गया। इसके बाद मारवाड़ी क्षेत्र के चाई गांव की पहाड़ी के आसपास उसकी तलाश शुरू की गई। हेलीकॉप्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX बताया गया है। कुछ समय तक उसकी लोकेशन नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया।

👉पायलट समेत छह लोगों की गई जान

हादसे के समय हेलीकॉप्टर में पायलट के अलावा पांच यात्री सवार थे। दुर्घटना में सभी छह लोगों की मौत हो गई। यात्रियों की पहचान प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एच.एस. नागाराजा के रूप में बताई गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी पांच यात्री बेंगलुरु के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

👉प्रशासन और SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हो गए। अपर जिलाधिकारी चमोली विवेक प्रकाश के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्र में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अभियान में SDRF की टीम के साथ सेना की यूनिट को भी लगाया गया। पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम के कारण बचाव अभियान में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

👉मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि जोशीमठ के पास चाई गांव में हेलीकॉप्टर दुर्घटना की दुखद सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

👉ट्रैकिंग सिस्टम से अचानक गायब हुआ था हेलीकॉप्टर

एविएशन अधिकारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने बद्रीनाथ से दोपहर 1:14 बजे उड़ान भरी थी। जोशीमठ क्षेत्र पार करते समय वह ट्रैकिंग सिस्टम से अचानक गायब हो गया। इसके बाद कंपनी और प्रशासन की ओर से उसकी लोकेशन तलाशने का प्रयास किया गया। यात्री मैनिफेस्ट के आधार पर हेलीकॉप्टर में कुल 6 लोगों के सवार होने की जानकारी मिली थी। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।