0 घमकी से 1 महीने तक छात्रा ने घरवालों से छुपाया, तबियत खराब होने पर खुली पोल
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकाया, जिसके डर से उसने करीब एक महीने तक परिवार को कुछ नहीं बताया। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में तबीयत बिगड़ने पर घटना का खुलासा हुआ। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। दोनों की उम्र 14 और 16 वर्ष बताई गई है।
👉सहेली से मिलने गई थी छात्रा

जानकारी के मुताबिक, घटना 25 सितंबर की बताई जा रही है। कक्षा आठवीं में पढ़ने वाली छात्रा अपनी सहेली से मिलने उसके घर गई थी। वहां सहेली मौजूद नहीं थी, लेकिन उसका भाई और एक अन्य नाबालिग मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने छात्रा को अकेला पाकर उसके साथ अपराध किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
👉मजदूरी करते हैं दोनों परिवारों के माता-पिता
बताया जा रहा है कि पीड़िता और दोनों आरोपियों के परिवार विधानसभा क्षेत्र की एक आवासीय कॉलोनी में रहते हैं। परिवारों के बीच परिचय था और आरोपियों का एक-दूसरे के घर आना-जाना भी होता था। पीड़िता और आरोपियों के माता-पिता मजदूरी करते हैं तथा सुबह काम पर निकल जाते हैं। दोनों नाबालिगों में से एक ने पढ़ाई छोड़ दी है, जबकि दूसरा नौवीं कक्षा में पढ़ता है।
👉तबीयत बिगड़ने पर परिवार को पता चली घटना
घटना के बाद डरी हुई छात्रा घर लौट आई थी, लेकिन उसने किसी को कुछ नहीं बताया। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगे। परिवार के पूछने पर उसने आखिरकार अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
👉पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
परिवार की शिकायत के आधार पर विधानसभा थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उन्हें बाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।
