CG : राजधानी में जाम से मिलेगी निजात ,केनाल लिकिंग रोड पर 49.52 करोड़ के ओवरब्रिज की सौगात

0 6 वार्डों को मिलेगा लाभ

रायपुर । रायपुर में केनाल लिंकिंग रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। अमलीडीह चौक से द्रोणाचार्य स्कूल तक नया टू-लेन ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 49.52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ओवरब्रिज बनने से केनाल लिंकिंग रोड से गुजरने वाले मुख्य वाहनों को अलग रास्ता मिलेगा, जिससे नीचे की सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

👉2 महीने में टेंडर जारी करने की तैयारी

करीब 1.04 किलोमीटर लंबे और 8.50 मीटर चौड़े इस ब्रिज को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, अगले दो महीने के भीतर निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। इस परियोजना से अमलीडीह, न्यू राजेंद्र नगर सहित आसपास के छह वार्डों में रहने वाले एक लाख से अधिक लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

👉मुख्य ट्रैफिक ऊपर से गुजरेगा, नीचे की सड़क रहेगी चालू

नए ओवरब्रिज का निर्माण होने के बाद केनाल लिंकिंग रोड से शहर के दूसरे हिस्सों की ओर जाने वाले मुख्य वाहन ऊपर से निकल सकेंगे। वहीं, नीचे की सड़क का इस्तेमाल स्थानीय लोग और कॉलोनियों में आने-जाने वाले वाहन कर सकेंगे। इससे अमलीडीह चौक और आसपास के प्रमुख क्रॉसिंग पर वाहनों की आवाजाही आसान होगी।

👉स्कूल के समय बढ़ जाता है ट्रैफिक का दबाव

केनाल लिंकिंग रोड पर सुबह और दोपहर के समय वाहनों की संख्या काफी बढ़ जाती है। द्रोणाचार्य स्कूल के आसपास स्कूल बसों और बच्चों को छोड़ने आने वाले अभिभावकों के वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनती है। इसके अलावा आसपास की कॉलोनियों से निकलने वाला ट्रैफिक भी मुख्य सड़क पर पहुंचता है। ओवरब्रिज बनने से मुख्य और स्थानीय ट्रैफिक अलग-अलग हो सकेगा।

👉कई साल से उठ रही थी ओवरब्रिज बनाने की मांग

केनाल लिंकिंग रोड से जुड़ी कॉलोनियों के निवासी लंबे समय से इस मार्ग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे थे। बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण यहां यातायात की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही थी। तकनीकी कारणों से योजना पहले आगे नहीं बढ़ पाई, लेकिन अक्टूबर 2026 में इसे मंजूरी मिल गई।

👉2 महीने में टेंडर जारी करने की तैयारी

शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, अगले दो महीने में टेंडर जारी किया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। ओवरब्रिज तैयार होने पर अमलीडीह, न्यू राजेंद्र नगर और आसपास के इलाकों के लोगों को रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।