KORBA : जमीन विवाद में रिश्तेदार के हत्यारे पिता -पुत्र को आजीवन कारावास…

कोरबा। जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में टांगी और रांपा से हमला कर रिश्तेदार की हत्या करने वाले पिता-पुत्र को कटघोरा न्यायालय ने आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मधु तिवारी की अदालत ने दोनों आरोपियों को हत्या का दोषी ठहराते हुए अर्थदंड से भी दंडित किया है।

अभियोजन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया निवासी धनसिंह ओरेरा (61) और उसके पुत्र देवनारायण ओरेरा (28) का रायसिंह ओरेरा के साथ जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। 11 सितंबर 2024 को रायसिंह अपने पुत्र के साथ इलाज कराने पसान अस्पताल गया हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी कृष्णा बाई को जानकारी मिली कि जमीन विवाद को लेकर धनसिंह और देवनारायण का रायसिंह के साथ झगड़ा हो रहा है।

सूचना मिलने पर कृष्णा बाई मौके पर पहुंची। वहां उसने देखा कि दोनों आरोपी टांगी और रांपा लेकर रायसिंह पर हमला कर रहे थे। आरोप है कि धनसिंह ने टांगी से तथा देवनारायण ने रांपा से वार किया। गले में गंभीर चोट लगने से रायसिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कृष्णा बाई ने पसान थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 126/2024 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने मृत्यु का कारण धारदार एवं भारी वस्तु से आई चोटों के परिणामस्वरूप हेमरेजिक एवं न्यूरोजेनिक शॉक होना बताया। अभियोजन पक्ष ने न्यायालय में साक्ष्य और गवाह प्रस्तुत कर आरोपों को प्रमाणित किया।

प्रकरण की सुनवाई पूरी होने के बाद 19 नवंबर 2026 को प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मधु तिवारी ने धनसिंह ओरेरा और देवनारायण ओरेरा को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया। मामले में अतिरिक्त शासकीय अभिभाषक एवं अतिरिक्त लोक अभियोजक संजय जायसवाल ने शासन की ओर से पैरवी की।