रायपुर। धान कटाई का सीजन रफ्तार पकड़ते ही बारदानों का बाजार भी गर्म होने लगा है। खेतों में फसल तैयार है और किसानों को धान भरने के लिए बोरियों की जरूरत बढ़ रही है, लेकिन दूसरी तरफ बाजार में पुराने जूट बारदानों की शॉर्ट सप्लाई ने कीमतों में तेजी ला दी है। जो ओल्ड जूट बैग एक पखवाड़े पहले तक 16 से 17 रुपए प्रति नग में मिल रहे थे, अब उनके लिए 20 से 22 रुपए चुकाने पड़ रहे हैं। यानी प्रति बोरी 3 से 6 रुपए तक का अतिरिक्त बोझ। प्लास्टिक की खाली बोरियां भी 5 रुपए से बढ़कर 7 रुपए प्रति नग पर पहुंच गई हैं।
इस तेजी के पीछे केवल मौसमी मांग नहीं, बल्कि अंतरजिला कारोबार का बढ़ता दबाव भी बड़ी वजह बन रहा है। थोक बाजार में उपलब्ध पुराने बारदानों की आपूर्ति के लिए दूसरे जिलों की मांग को प्राथमिकता दी जा रही है। नतीजतन स्थानीय खुदरा कारोबारियों को पर्याप्त माल नहीं मिल पा रहा है। इसका सीधा असर उन किसानों पर पड़ने की आशंका है, जिन्हें फसल कटाई और धान के भंडारण के लिए समय पर बारदाने खरीदने हैं।
👉अंतरजिला कारोबार ने बढ़ाया बाजार का दबाव

बलौदा बाजार जिले से पुराने बारदानों की आपूर्ति मुंगेली, बेमेतरा, दुर्ग, कोरबा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ तक होती है। इन जिलों से मांग में लगभग दो गुना तक इजाफा बताया जा रहा है। बढ़ती मांग को देखते हुए थोक कारोबारियों ने इन जिलों को सप्लाई में प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है। कारोबार का यह समीकरण स्थानीय बाजार में उपलब्धता कम कर रहा है। मांग और आपूर्ति के इसी अंतर ने पुराने जूट बैग के भाव को ऊपर चढ़ा दिया है। स्थानीय स्तर पर भी किसानों की खरीदारी निकलने लगी है, जिससे कीमतों पर दबाव और बढ़ रहा है।
👉किसानों की जरूरत, बाजार की मजबूरी!
मौसम खुलने के बाद धान कटाई में तेजी आई है। जल्दी तैयार होने वाली फसलों के बाद अब विलंब से तैयार होने वाली प्रजातियों की कटाई भी आगे बढ़ रही है। सरना धान की कटाई अभी मध्य चरण में है। ऐसे में आने वाले दिनों में बारदानों की मांग और बढ़ सकती है। किसानों के सामने परेशानी यह है कि फसल तैयार होने पर धान भरने के लिए बारदाने जरूरी हैं, लेकिन बाजार में उपलब्धता सीमित होने के साथ कीमतें भी बढ़ रही हैं। छोटे और सीमांत किसानों के लिए प्रति बोरी बढ़ी कीमत भी अतिरिक्त खर्च बन सकती है।
👉दिसंबर तक बनी रह सकती है शॉर्टेज
पुराने बारदानों की अंतरजिला मांग को मिल रही प्राथमिकता के चलते स्थानीय खुदरा बाजार में शॉर्टेज की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। कारोबारियों का अनुमान है कि यह दबाव पूरे दिसंबर तक बना रह सकता है। इसकी एक वजह बारदानों को लेकर सरकारी नीतियों और आपूर्ति व्यवस्था की स्थिति स्पष्ट नहीं होना भी है। यदि सरकारी स्तर पर बारदानों की उपलब्धता और वितरण को लेकर समय रहते स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तो सीजन के बीच किसानों को महंगे दाम पर बोरियां खरीदने की मजबूरी का सामना करना पड़ सकता है।
👉जूट महंगा तो प्लास्टिक बना विकल्प
पुराने जूट बैग के दाम बढ़ने के बाद प्लास्टिक की खाली बोरियों की मांग भी बढ़ रही है। पांच रुपए में मिलने वाली प्लास्टिक बोरी अब सात रुपए में बिक रही है। हालांकि जूट के मुकाबले प्लास्टिक की बोरी अब भी कम कीमत का विकल्प बनी हुई है, इसलिए सीमित बजट वाले खरीदार इसकी ओर रुख कर रहे हैं। बाजार में फिलहाल तेजी का रुख साफ दिखाई दे रहा है। अब निगाह इस बात पर है कि थोक सप्लाई सामान्य होती है या फिर धान खरीदी और कटाई के अगले दौर में किसानों को बारदानों के लिए और अधिक कीमत चुकानी पड़ती है।
