रायपुर। समय से पांच दिन पहले ही छत्तीसगढ़ पहुंच चुके मानसून में अब ब्रेक लग गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मानसून द्रोणिका का पूर्वी भाग अभी हिमालय की तराई में चला गया है। इसके कारण ही मध्यभारत में मानसून में ब्रेक लग गया है और कुछ क्षेत्रों में ही हल्की बारिश होती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 20 जुलाई से मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा और राजधानी रायपुर समेत प्रदेश भर में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
शनिवार सुबह से ही राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तेज धूप रही। इसके कारण उमस व तपिश से लोग बेहाल रहे। हालांकि देर शाम को बादल छाने व ठंडी हवाएं चलने से थोड़ी राहत मिली। कुछ क्षेत्रों में तो हल्की बारिश भी हुई।
अधिकतम तापमान में अब गिरावट आएगी
मौसम विभाग का कहना है कि अभी तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इसके कारण ही उमस व तपिश बढ़ती जा रही है, लेकिन रविवार 18 से 20 जुलाई तक अधिकतम तापमान में गिरावट आने के संकेत हैं। 20 जुलाई और उसके बाद प्रदेश के एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने और भारी बारिश की संभावना है।
आज भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि रविवार 18 जुलाई को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ छीटे पड़ने या बारिश के आसार हैं। प्रदेश में कुछ क्षेत्रों में वज्रपात की भी संभावना है। साथ ही अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
रायपुर सर्वाधिक गर्म
शनिवार 17 जुलाई को प्रदेश भर में राजधानी रायपुर सर्वाधिक गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाने व हल्की बारिश के आसार हैं।