छत्तीसगढ़: कवासी भैया से बोलीं भाजपा वाली बहनें, रक्षाबंधन से पहले कर दें प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी, तो राखी के दिन महिला मोर्चा बांधेगी मंत्री जी को राखी
छत्तीसगढ़: कवासी भैया से बोलीं भाजपा वाली बहनें, रक्षाबंधन से पहले कर दें प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी, तो राखी के दिन महिला मोर्चा बांधेगी मंत्री जी को राखी
रायपुर। छत्तीसगढ़ की भारतीय जनता पार्टी की महिलाएं अब बहन बनकर मंत्री कवासी लखमा से एक गुहार लगा रही हैं। वो कह रही हैं कि अगर मंत्री जी रक्षाबंधन से पहले प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू कर दें तो हम सभी भाजपा की महिला मोर्चा नेता छत्तीसगढ़ की महिलाओं की तरफ से मंत्री कवासी लखमा को राखी बांधने जाएंगीं। ये बात भाजपा महिला मोर्चा की नेता मीनल चौबे ने कहीं। संगठन की पदाधिकारियों के साथ मीनल चौबे रविवार को रायपुर के भाजपा कार्यालय पहुंची थीं। यहीं उन्होंने ये बातें कहीं।
डी पुरंदेश्वरी का अपमान मतलब मातृशक्ति का अपमान
दरअसल हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान मंत्री कवासी लखमा ने कह दिया था कि डी पुरंदेश्वरी फूलन देवी है। रविवार को भाजपा की महिला नेताओं से इसे मातृ शक्ति का अपमान बताया। मीनल चौबे ने कहा कि सरकार में आए मंत्री महिलाओं से किया वादा पूरा करने की बजाए उनपर अनाप-शनाप टिप्पणी न करें। इसे लेकर दो दिन पहले महिला मोर्चा की नेता शैलेंद्री परगनिहा ने रैली निकाली थी। वो चूड़िया भेंट करने मंत्री के बंगले पहुंचतीं इससे पहले पुलिस ने उन्हें रोक लिया था। कांग्रेस की तरफ से इस मामले में कहा गया था कि फूलन देवी से तुलना को अपमान समझना भाजपा की सोच का दोष है।अपराध का गढ़ बन गया छत्तीसगढ़
मीनल चौबे के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद महिला मोर्चा की मीडिया प्रभारी उर्मिला शर्मा ने कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षित माहौल दे पाने में कांग्रेस की सरकार नाकाम है। उन्होंने प्रदेश सरकार की ही तरफ से जारी आंकड़ों का हवाला देकर कहा कि औसतन हर रोज प्रदेश में 7 बलात्कार हो रहे हैं। शासन के ही आंकड़े के अनुसार पिछले 2 सालों में प्रदेश में 1828 हत्या 1281 हत्या के प्रयास 4939 बलात्कार 12हजार 862 चोरी 133 डकैती और 855 लूटपाट के मामले दर्ज हुए हैं। सरकार को महिलाओं पर टिप्पणी के बजाए कानून व्यवस्था को सुधारने पर जोर देना चाहिए।