घोटाले का पैसा गर्लफ्रेंड के खाते में जमा किया: स्काउट गाइड संघ में 35 लाख रुपए का गबन, आरोपी सचिव गिरफ्तार; जिस गर्लफ्रेंड के अकाउंट में रुपए ट्रांसफर किए, वह भी छोड़ गई…

भोपाल/ भोपाल में स्काउट-गाइड के लिए आवंटित पैसे के गबन का मामला सामने आया है। शुरुआती जांच में 35 लाख रुपए के घोटाले का पता चला है। यह गबन भोपाल के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ जिला गाइड संघ के सचिव गौरव शुक्ला ने किया है। उसने 15 लाख रुपए अपनी गर्लफ्रेंड के खाते में ट्रांसफर किए हैं। टीटी नगर पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर सचिव गौरव शुक्ला को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि उसने करीब 1 करोड़ रुपए से अधिक का गबन किया है।

टीटी नगर पुलिस के मुताबिक भोपाल के जिला शिक्षा अधिकारी नितिन सक्सेना ने इस संबंध में शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि सरकारी, निजी स्कूलों से स्काउट गाइड के तहत गतिविधियों के लिए शुल्क लिया जाता है। जिला स्काउट गाइड भोपाल का खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में है। मप्र जिला गाइड संघ में तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा ने 10 अगस्त 2015 को अशासकीय कर्मचारी गौरव शुक्ला की सचिव पद पर नियुक्ति की थी। इसके बाद खाते से राशि निकालने के अधिकार भी उसे ही सौंप दिए। गौरव ने स्कूलों से स्काउट गाइड की राशि के चेक लिए और सेंट्रल बैंक आफ इंडिया में जमा करा दिए। इसके बाद चेक के माध्यम से राशि स्वयं निकालकर अपने और गर्लफ्रेंड के खाते में जमा कर ली। चेक से राशि निकालने में पदेन जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा के फर्जी हस्ताक्षर भी हुए हैं।

कई स्कूलों के चेक की डेट निकली, नकद लिए इतना ही नहीं गौरव शुक्ला ने अधिकतर चेक बैंक में जमा भी नहीं किए। चेक की अवधि खत्म होने के बाद गौरव इन्हें लेकर स्कूलों में पहुंचा। उनसे कहा कि यह चेक पुराने हो गए हैं, इसके बदले नकद रकम दी जाए। स्कूलों से नकदी लेकर गौरव ने बकायदा रसीद भी दी। नकद पैसे को गौरव ने बैंक में जमा न कर खुद के पास रख लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में करीब 35 लाख रुपए का गबन सामने आया है।

गर्लफ्रेंड से दस्तावेज लेकर खुलवाया बैंक खाता गौरव शुक्ला ने अपनी गर्लफ्रेंड अंजली का फर्जी खाता खुलवाने के लिए उसके दस्तावेज लिए। गौरव के पास ही गर्लफ्रेंड के खाते की बैंक पासबुक और डिटेल थी। गर्लफ्रेंड के खाते से उसने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी किए हैं। खाते में गौरव शुक्ला के ही मोबाइल नंबर दर्ज हैं। पुलिस उसकी गर्लफ्रेंड की भूमिका भी जांच करेगी। हालांकि गर्लफ्रेंड से अब उसका ब्रेकअप हो चुका है।

गौरव के अलावा अन्य कर्मचारियों की जांच टीटी नगर टीआई शैलेन्द्र शर्मा ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में स्काउट गाइड की राशि के गबन के मामले में आरोपी गौरव शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य कर्मचारियों की भूमिका को लेकर जांच चल रही है।