छत्तीसगढ़: माता कौशल्या मंदिर को मिला नया रूप, लेजर शो और आतिशबाजी के बीच मुख्यमंत्री ने चंदखुरी में किया लोकार्पण, भगवान राम की 51 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित

रायपुर।छत्तीसगढ़ में माता कौशल्या मंदिर को नया रूप मिल गया है। मंदिर के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण के बाद गुरुवार को इसका लोकार्पण हो गया। देर शाम लेजर शो और आतिशबाजी के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंत्रियों-विधायकों के साथ पहुंचकर इसका लोकार्पण किया। चंदखुरी में नए आकर्षण के तौर पर स्थापित भगवान राम की 51 फीट ऊंची प्रतिमा का भी अनावरण किया गया।

गुरुवार को करीब 3 बजे रायपुर से रवाना हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सबसे पहले चंदखुरी स्थित राज्य पुलिस अकादमी के मैदान में पहुंचे। वहां उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाया। इस बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मंत्री ताम्रध्वज साहू, शिव कुमार डहरिया और रविंद्र चौबे ने संबोधित किया। बाद में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला फिर शुरू हो गया। महासमुंद की नंद कुमार साहू मानस मंडली ने मंच पर भगवान राम का गुणगान शुरू किया तो मुख्यमंत्री अपनी सीट छोड़कर मंडली के बीच बैठ गए। उन्होंने खंजड़ी बजाकर संगत की और रामधुन गाया।

मानस मंडली के बीच बैठकर मुख्यमंत्री खुद खंजड़ी पर संगत करने लगे।

बाद में मुख्यमंत्री और मंत्री-विधायक कौशल्या माता मंदिर परिसर पहुंचे। वहां लोकार्पण के बाद मंदिर में माता कौशल्या और भगवान राम की विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। वहां से बाहर निकलने के बाद मुख्यमंत्री ने भगवान राम की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान गृह, लोक निर्माण और पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, राज्यसभा सांसद छाया वर्मा और राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत राम सुंदर दास सहित अनेक संसदीय सचिव, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।