अब नहीं चलाना पड़ेगा उधार के अधिकारियों से विभाग ,5 पर्यवेक्षक बनीं परियोजना अधिकारी ,3 को जिले में ही मिली पदस्थापना ,महिला एवं बाल विकास विभाग ने दी अर्से बाद पदोन्नति

हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग में पदस्थ 5 पर्यवेक्षक परियोजना अधिकारी के पद पर पदोन्नत की गई हैं।पदोन्नत उपरांत परियोजना अधिकारियों की रिक्त परियोजनाओं में नवीन पदस्थापना की गई है। जिसमें जिले के 3 परियोजनाओं में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए 3 परियोजना अधिकारी जिले में ही जगह बनाने में सफल रहीं हैं ,वहीं 2 परियोजना अधिकारियों को बिलासपुर व रायगढ़ जिले में सेवाएं देनी होंगी । परियोजना अधिकारियों की पदस्थापना से अब विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं कार्यक्रमों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

लंबे अर्से से महिला एवं बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक परियोजना अधिकारी के पद पर पदोन्नति का इंतजार करती रहीं हैं। इस दौरान सभी विभागों में पदोन्नति दी गई लेकिन महिला एवं बाल विकास विभाग में समय पर पर्यवेक्षकों को पदोन्नति नहीं मिल पाई। इस दौरान कई पर्यवेक्षक पदोन्नति का इंतजार करते करते सेवानिवृत्त हो गईं। कांग्रेस शासनकाल में पर्यवेक्षकों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को शासन ने गंभीरता से लिया। और प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई गई। 27 सितंबर को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक में की गई अनुशंसा उपरांत संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग छत्तीसगढ़ शासन के अवर सचिव विजया खेस्स ने 44 पर्यवेक्षकों को परियोजना अधिकारी के पद पर पदोन्नत कर प्रदेश के विभिन्न जिलों के रिक्त परियोजनाओं में पदस्थ कर दिया है। पदोन्नति की इस प्रक्रिया में जिले के विभिन्न परियोजनाओं में पदस्थ 5 पर्यवेक्षक परियोजना अधिकारी के पद पर पदोन्नत हुई हैं। पोंडी उपरोड़ा परियोजना में पदस्थ वरिष्ठ पर्यवेक्षक श्रीमती किरण उपाध्याय सेवानिवृति के 7 माह पूर्व पोंडी उपरोड़ा परियोजना अधिकारी बनाई गई हैं। कोरबा ग्रामीण में पदस्थ पर्यवेक्षक श्रीमती रागिनी बैस करतला परियोजना के पद पर पदस्थ की गई हैं। वहीं कटघोरा परियोजना में पदस्थ दिव्यांग पर्यवेक्षक श्रीमती मंजू सिंह दिव्यांग कोटे में चोटिया परियोजना अधिकारी के पद पर पदस्थ हुई हैं। दो पदोन्नत परियोजना अधिकारियों को जिले में पद रिक्त नहीं होने की वजह से जिले से बाहर सेवाएं देनी होंगीं। कोरबा शहरी परियोजना में पदस्थ वरिष्ठ पर्यवेक्षक श्रीमती राजेश्वरी पाटले बिलासपुर शहरी परियोजना अधिकारी के पद पर सेवाएं देंगी । करतला परियोजना में पदस्थ पर्यवेक्षक रमोला रानीपाल रायगढ़ जिले के पुसौर परियोजना अधिकारी के पद पर सेवाएं देंगी। सभी पदोन्नत परियोजना अधिकारियों को जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद प्रकाश किसपोट्टटा सहित समस्त अधिकारी कर्मचारियों ने शुभकामनाएं दी हैं।