बस्तर में लूट की खुली छूट , प्रकाश में आया जेम का गेम , 7 गुना अधिक दाम में अधिकारी कर रहे खरीदी
800 की स्टूल 4800 रुपए, रात 1 बजे 21 लाख के कैमरों के लिए 1 करोड़ के ऑर्डर हुए जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ का बस्तर जिला इन दिनों अधिकारियों की महत्वकांक्षा पूरी करने का गढ़ बना हुआ है। यहां पदस्थ अधिकारी शासकीय विभाग में सामानों की आपूर्ति छत्तीसगढ़ के पोर्टल ई -मानक को दरकिनार करते हुए जेम पोर्टल से कर की जा रही है। हैरत की बात यह है कि अधिकारी बाजार से करीब 7 गुना से ज्यादा कीमत पर सामानों की खरीदी कर रहे हैं।

क्या है ई -मानक पोर्टल

ई-मानक छत्तीसगढ़ राज्य में शासकीय खरीदी के लिये सुगम एवं सुविधायुक्त ऑनलाइन क्रय पोर्टल Chhattisgarh e-Procurment System है। यहां राज्य शासन के समस्त शासकीय विभाग/निगम/मंडल/ स्थानीय निकायों आदि द्वारा वस्तुओं की खरीदी की जा सकती है। जिसकी दरें सीएसआईडीसी द्वारा निर्धारित की जाती हैं।मगर बस्तर में शासकीय विभागों में कार्यरत अधिकारी शासन की मंशा पर पानी फेरते हुए GEM पोर्टल से महंगे सामनों की खरीदी कर सरकारी खजाने को लूटा रहे हैं।यहां बस्तर के कुछ विभागों में पदस्थ अधिकारी विभागों के लिए सामान बाज़ार भाव से 7 गुना दाम में खरीद रहे हैं। उदाहरण के तौर पर एक अलमारी की बाजार में कीमत 8 हजार रुपए है तो सरकार उसे 44 हजार रुपए में खरीद रही है वह भी नॉन ब्रांडडेड। आपको बता दें कि इस प्रोडक्ट मे सबसे महँगा सामान गोदरेज का 25 हजार रुपए में आता है।

कर्मठता ऐसी कि गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय अवकाश में हुए कई ऑर्डर जारी

स्वास्थ्य विभाग नारायणपुर और ट्राइबल विभाग दंतेवाड़ा में पदस्थ अधिकारियों को सामान आपूर्ति करने की इतनी जल्दी थी कि राष्ट्रीय अवकाश के दिन याने 26 जनवरी को भी वे काम करते नजर आए। वह भी ध्वजारोहण के ठीक 20 मिनट बाद ही GEM Portal पर कई सारे ऑर्डर जारी कर दिए गए।

31 दिसंबर देर रात 12ः12 बजे खरीदी आदेश हुआ जारी

शासकीय विभागों में काम करने वाले अधिकारी 5 बजते ही अपने विभाग से अधिकांशतः नदारद मिलते हैं। मगर बस्तर में काम करने वाले अधिकारी रात 1.00 भी काम करते हैं। दंतेवाड़ा ट्राइबल विभाग द्वारा 31 दिसंबर की रात 12ः12 बजे करीब 1 करोड़ के सीसीटीवी कैमरे का ऑर्डर जारी कर दिया गया। जिसका बाजार भाव 21 लाख रुपए है।

रात 1 बजे अप्रूवल और ऑर्डर देते रहे अधिकारी

कोंडागांव के स्वास्थ्य विभाग में 31 दिसंबर की देर रात जब हम नव वर्ष सेलीब्रेट कर रहे थे वहीं अधिकारी सप्लायरों को रात एक बजे अप्रूवल और ऑर्डर दे रहे थे। इस दौरान 800 रुपए में मिलने वाली मेडिकल स्टूल को 4800 रुपए में खरीदा गया। विभाग ने इस रात एक बजे 15 स्टूल 67 हजार रुपए में खरीदा।