बिलासपुर। जिले में 3 साल पहले 16 साल की लड़की को बहला फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले युवक को कोर्ट ने 20 साल की सजा सुनाई है। आरोपी युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया था और पहले भी भगाकर ले गया था। बाद में उसने फोटो वायरल करने की धमकी देकर दोबारा भगाकर ले गया और दुष्कर्म किया।
मामला बिल्हा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 16 साल की लड़की से पथरखान में रहने वाले संदीप मानिकपुरी (21) ने दोस्ती की। फिर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। 12 जुलाई 2017 की रात नाबालिग लड़की अपने परिजन को बताए बिना घर से गायब हो गई। परिजनों को रात में पता चला, तब घर का दरवाजा खुला मिला। उन्होंने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन लड़की नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने इस घटना की जानकारी बिल्हा थाने में दी। एक माह पहले भी भगाकर ले गया था युवक परिजनों ने पुलिस को बताया कि एक माह पहले भी उनकी नाबालिग बेटी घर से गायब हो गई थी। तब वह पत्थरखान के रहने वाले संदीप मानिकपुरी के साथ मिली थी। इसलिए उन्होंने आशंका जाहिर की कि संदीप उसे भगाकर ले गया होगा। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने लड़की को संदीप के साथ पकड़ लिया। फोटो वायरल करने की धमकी दे किया दुष्कर्म पुलिस ने लड़की का बयान दर्ज किया, तब उसने बताया कि संदीप ने उसकी तस्वीर खींच ली थी, जिसे वह वायरल करने की धमकी देकर भगाकर ले गया था। इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म भी किया। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म करने की धारा 376 और पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की।