न प्रक्रियाओं का ज्ञान ,न ही जनता का समय पर हो रहा काम ,औचक निरीक्षण में पहुंची कलेक्टर ने बरपाली तहसीलदार ,आरआई ,सहित 5 लापरवाह पटवारियों को थमाया नोटिस

प्रकरणों के निराकरण पटवारी प्रतिवेदन के
लिए 10 से अधिक पेशी रखे थे लंबित

कोरबा । बरपाली तहसीलदार श्रीमती आराधना प्रधान को न तो राजस्व प्रकरणों के पूरी प्रक्रियाओं का ज्ञान हैं न ही राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के प्रति वे संवेदनशील हैं। जनचौपाल में मिल रही शिकायतों को संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्रीमती रानु साहू ने बुधवार को बरपाली तहसील कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने बुधवार को तहसील कार्यालय बरपाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती साहू ने फौती नामांतरण के  प्रकरण के निराकरण में नियमानुसार पूरी सुनवाई नहीं करने और निराकरण के दौरान पूर्ण राजस्व प्रक्रिया का  पालन नहीं कर आदेशार्थ प्रस्तुत करने के लिए एसडीएम कोरबा को तहसीलदार श्रीमती आराधना प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आरआई प्रतिवेदन के लिए लंबे समय से लंबित सीमांकन के प्रकरण के लिए राजस्व निरीक्षक करुणा मैत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आरआई और पटवारी प्रतिवेदन के लिए लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली। साथ ही प्रकरणों का हल्का वार अवलोकन भी किया। । इसी प्रकार नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि राजस्व प्रकरण निराकरण के लिए लंबे समय से तथा 10 से अधिक पेशी से पटवारी प्रतिवेदन के लिए लंबित होने के कारण 05 पटवारियों ममता सिंह, मंजूलता, सूरज कुमार, देवेंद्र तंवर और इशरत परवीन को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती साहू ने जन चौपाल में आए प्रकरणों का भी त्वरित निराकरण करने तथा अलग से रजिस्टर में जानकारी संधारित करने के निर्देश दिए।

मौके पर शिकायत लेकर पहुंचा किसान खोली पोल

क्षेत्रीय दौरे के दौरान निरीक्षण के लिए तहसील बरपाली पहुंचीं कलेक्टर को आवेदक रामदास वैष्णव ने बताया कि तहसीलदार द्वारा दिनांक 02/07/2021 को मेरे भूमि स्वामी हक की भूमि का खसरा नं. 144/32 एवं 694/20 का कुल रकबा 0.083हें.को जाँच एवं सीमांकन करने हेतु अपने अधिनस्थ कर्मचारी राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी नं.6 सूरज कुमार को निर्माण कार्य स्थगित करते हुए आदेशित किया गया एवं मुझे दो बार नोटिस भी दिया गया लेकिन तहसीलदार बरपाली एवं उनके अधिनस्थ कर्मचारियों के द्वारा आज तक उपरोक्त आदेश का पालन नहीं किया गया जो संदेह को जन्म देता है एवं न्यायालय में चल रहे प्रकरण को बिना निर्णय किए खारिज किया जा रहा है। अनुरोध किया गया है कि प्रकरण को जाँच कराने की कृपा करें।

बढ़ते बेजा कब्जा पर संज्ञान नहीं लेने का भी आरोप

एक अन्य शिकायत में बरपाली निवासी वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप महतो ने कलेक्टर को अवगत कराया है कि ग्राम पंचायत बरपाली द्वारा लिखित एवं अन्य के द्वारा भी शिकायत की गई है कि पंचायत क्षेत्र में बाहरी लोगों के द्वारा आकर अवैध कब्जा किया जा रहा है। तहसीलदार के द्वारा किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं किए जाने से इनके हौसले बढ़े हुए हैं। प्रदीप महतो ने इनका तबादला कर दूसरे अधिकारी की पदस्थापना की मांग रखी है।