खैरागढ़ उपचुनाव :कांग्रेस को चोथे राउंड में भी बढ़त ,यशोदा वर्मा ,5 हजार वोटों से आगे

राजनांदगांव। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शनिवार सुबह 8 बजे से जारी है। चौथा राउंड पूरा होने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा वर्मा करीब 5 हजार वोटों से आगे चल रही हैं। दूसरे नंबर पर BJP उम्मीदवार कोमल सिंह जंघेल हैं। दोपहर बाद 2 बजे तक तस्वीर साफ हो जाने की संभावना है। मतगणना 21 चरणों में होगी। इसके लिए ढाई सौ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

इससे पहले तीसरे राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद यशोदा वर्मा 3704, दूसरे राउंड में 2557 और पहले राउंड में 1175 वोटों से आगे थीं।राजनांदगांव शहर स्थित बीज एवं कृषि विकास निगम के एक गोदाम को मतगणना केंद्र बनाया गया है। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की गई है, इसके बाद EVM से पड़े वोटों को गिना जा रहा है। यहीं पर वोटों की गिनती के बाद निर्वाचन आयोग नए विधायक के नाम की घोषणा करेगा।
मतगणना स्थल की सुरक्षा के लिए एक दिन पहले से ही पुलिस बल का बंदोबस्त किया गया है। बताया जा रहा है, मतगणना स्थल पर सुरक्षा के लिए पुलिस के करीब 200 जवानों को तैनात किया गया है। स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा पहले से ही केंद्रीय सुरक्षा बलों के हवाले है। खैरागढ़ रियासत के देवव्रत सिंह के निधन से खाली हुई विधानसभा सीट पर 12 अप्रैल को वोट डाले गए थे। इस उपचुनाव को 2023 के विधानसभा आम चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। इसकी वजह से सत्ताधारी कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने एक उपचुनाव में असामान्य ताकत झोंक रखी थी।