ट्रेड यूनियन का रायपुर में जंगी प्रदर्शन आज, कांग्रेस ने भी दिया समर्थन

छत्तीसगढ़ सेंट्रल बैंक एम्प्लाइज यूनियन के प्रदेश महासचिव और छत्तीसगढ़ बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के प्रदेश संगठन सचिव शक्ति सिंह ठाकुर ने ऐलान किया है कि केंद्र सरकार की मजदूर और किसान विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध किया जायेगा। कांग्रेस आलाकमान द्वारा समर्थन दिए जाने का उल्लेख करते हुए श्री ठाकुर ने यह भी बताया है कि देश के 10 ट्रेड यूनियंस इस हड़ताल में एक साथ खड़े हैं। पढ़िए पूरी खबर

रायपुर। केंद्र सरकार की कृषि और श्रम संबंधी नीतियों के विरोध में 26 नवंबर को निर्धारित देशव्यापी हड़ताल के अंतर्गत रायपुर में भी जंगी प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। सुबह 11 बजे सप्रे स्कूल के पास बूढ़ापारा हड़ताल करने वाले प्रतिनिधि एकत्र होंगे। छत्तीसगढ़ सेंट्रल बैंक एम्प्लाइज यूनियन के प्रदेश महासचिव व छत्तीसगढ़ बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के प्रदेश संगठन सचिव शक्ति सिंह ठाकुर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा है कि देश की 10 ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर पूरे देश में 26 नवंबर 2020 को 1 दिवसीय हड़ताल का आयोजन किया जा रहा है। ये हड़ताल केंद्र सरकार की मज़दूर विरोधी, किसान विरोधी नीतियों के विरोध में है। इस हड़ताल में देश भर से लगभग 30 करोड़ लोग भाग लेंगे। बैंकिंग सेक्टर से AIBEA, AIBOA तथा BEFI ने भाग लेने का निर्णय लिया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक्स यूनियन के बाकी घटक दलों ने बाहर से समर्थन देने का निर्णय लिया है। इसी तारतम्य में संयुक्त ट्रेड यूनियन के तत्वाधान में कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बुधवार 25 नवंबर 2020 को शाम 6 बजे सप्रे स्कूल बूढ़ापारा रायपुर से मशाल जुलूस निकाली गई। गुरुवार 26 नवंबर 2020 को सुबह 11 बजे सप्रे स्कूल बूढ़ापारा रायपुर में जंगी प्रदर्शन का आयोजन जाएगा। श्री ठाकुर ने आगे बताया कि इस पूरे हड़ताल को देशभर में कांग्रेस पार्टी आलाकमान द्वारा भी समर्थन दिया जा रहा है। जिसके आशय में छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है।