CG : बीत गई बरसात ,अब जर्जर सड़क ,पुल पुलियों के सुधार कार्य में आएगी तेजी ,PWD सचिव ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर दी कड़ी हिदायत , कहा -गुणवत्ता से समझौता पर होगी कड़ी कार्रवाई …

रायपुर । छत्तीसगढ़ में बरसात के बाद सड़क, पुल-पुलियों और सरकारी भवनों के निर्माण कार्यों को गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। इसी सिलसिले में विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गरियाबंद जिले का दौरा कर विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को काम में तेजी लाने तथा तय समय में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की निगरानी केवल कागजी रिपोर्ट के आधार पर नहीं होगी। वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर काम की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता की जांच करेंगे। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग के साथ औचक निरीक्षण भी किए जाएंगे।

गरियाबंद दौरे के दौरान मुकेश कुमार बंसल ने फिंगेश्वर विकासखंड में कोपरा-पोखरा मार्ग के 26.20 किलोमीटर लंबे मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस परियोजना में पुल-पुलियों का निर्माण भी शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने पर जोर दिया। इसके अलावा राजिम में नवीन मेला स्थल चौबेबांधा से लक्ष्मण झूला तक बन रहे 3.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग की प्रगति भी देखी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और तय मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। सड़क परियोजनाओं के साथ PWD सचिव ने गरियाबंद में बन रहे सरकारी भवनों का भी निरीक्षण किया।

इनमें व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों के लिए बनाए जा रहे दो डी-टाइप आवासगृह, जिला परिवहन कार्यालय भवन और 40 जीएडी आवासगृह शामिल हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए। सचिव मुकेश कुमार बंसल बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में भी पहुंचे। यहां उन्होंने कसाबाय-पतोरा दादर मार्ग पर आरडी 135 में चचंगी नाला पर निर्मित पुल और पहुंच मार्ग का निरीक्षण किया। यह निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने कसाबाय-सातधार मार्ग पर हलफली नाला में बन रहे उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग की स्थिति भी देखी। दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित इन परियोजनाओं के संबंध में उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली।

👉ठेकेदारों के साथ बैठक, बाधाएं दूर करने पर जोर

मैदानी निरीक्षण के बाद सचिव ने गरियाबंद सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति और काम के दौरान आ रही बाधाओं पर चर्चा हुई। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसात के बाद निर्माण कार्यों को गति देने के लिए विभागीय अमला सक्रियता से काम करे। साथ ही, निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए। वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करने पर जोर दिया गया। दौरे के दौरान सचिव ने लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय और कार्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने स्वच्छता, रखरखाव और कार्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।बरसात के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता पर सख्ती का संदेश साफ है। अब इन परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने और मैदानी स्तर पर उनकी प्रगति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों पर होगी।