चित्रकोट वॉटरफाल में कूदने वाली महिला का 27 घण्टे बाद शव बरामद ,शिनाख्त में जुटी पुलिस

जगदलपुर । बस्तर के चित्रकोट वाटरफॉल में कूदने वाली महिला का शव मिल गया है। फिलहाल शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस महिला की पहचान करने के लिए जुटी हुई है। शनिवार सुबह से ही गोताखोरों की टीम तालाश कार्य में जुटी हुई थी। शुक्रवार को वाटरफॉल में कूदी महिला का करीब 27 घंटे के बाद शव मिला है।

मामला चित्रकोट चौकी का है।दरअसल, शक्रवार की दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच एक महिला वाटरफॉल से नीचे कूद गई थी। उस वक्त पास में पुलिस के जवान और पर्यटक भी मौजूद थे। लेकिन, किसी ने महिला को पानी के करीब जाने से रोकने की जहमत नहीं उठाई। हालांकि, नीचे कूदने से पहले पीछे से लोग चिल्लाते रहे। इस बीच वहां मौजूद एक पर्यटक ने नीचे कूदते हुए का वीडियो बना लिया था।बताया जा रहा है कि जिस समय महिला नीचे कूदी, उस समय पानी में नाविक भी अपनी नाव के साथ मौजूद थे। करीब 100 फीट की ऊंचाई से जैसे ही महिला नीचे कूदी, नाविक भी वाटरफॉल के नीचे पहुंच गए थे। गहराई ज्यादा होने की वजह से महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। शुक्रवार देर रात तक NDRF की टीम भी महिला की तलाश करती रही।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

महिला अकेली आई थी या उसके साथ कोई और था? महिला किस तरफ से वाटरफॉल के नजदीक पहुंची थी और कितने देर वहां मौजूद थी? इन सब सवालों के जवाब के लिए पुलिस अब CCTV फुटेज खंगालने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो चित्रकोट वाटरफॉल तक पहुंचने तक जितने भी CCTV कैमरे लगे हुए हैं उसे बारीकी से खंगाला जाएगा। साथ ही आस-पास के थाना क्षेत्र में भी महिला के बारे में पता लगाया जा रहा है।

पिछले 6 महीनों में 3 लोगों ने एक ही जगह कूदकर दी जान

एशिया का नियाग्रा कहे जाने वाले चित्रकोट वाटरफॉल का एक पॉइंट सुसाइड जोन बन गया है। पिछले 5 से 6 महीने में 3 लोगों ने एक ही जगह से नीचे कूदकर जान दी है। कुछ महीने पहले गीदम के एक युवक ने और एक महिला ने नीचे कूदकर आत्महत्या की थी। वहीं शुक्रवार को युवती भी उसी जगह से नीचे कूद गई। इसके बावजूद भी अब तक वहां जिम्मेदारों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं करने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है।