(Mausam Ki Jankari) उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी से अधिकतर हिस्सों में मौसम ठंडा और घना कोहरा छाये रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोहरे के कारण सुबह में दृश्यता का स्तर कम रहा और यातायात के परिचालन में समस्या आयी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, यूपी, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार को बेहद अधिक घना कोहरा (Fog) छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में सर्दी के मौसम में यह पहला मौका है जब दृश्यता ‘शून्य’ थी। मौसम विज्ञानिक श्रीवास्तव ने बताया कि राजधानी दिल्ली में पालम मौसम केंद्र ने सुबह साढ़े छह बजे घने कोहरे के कारण शून्य दृश्यता दर्ज की।
दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज
वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा कि हवाई अड्डे पर विमानो के उड़ान के लिये दृश्यता 800 मीटर के करीब होनी चाहिए। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश के साथ ही बर्फबारी संभव है। उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में मंगलवार से अगले तीन दिन तक मौसम बिगड़ने के आसार जताए गए हैं। अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान जताया गया है।
हिमाचल और उत्तराखंड के कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना
मौसम केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। वहीं, तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ भी गिर सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि प्रदेश में सबसे अधिक तापमान झांसी में 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि अमेठी जिले के फुरसतगंज में सबसे कम 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने दस और 11 दिसंबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्का और कुछ जगह घना कोहरा छाये रहने का अनुमान व्यक्त किया है। दिल्ली में पहाड़ों से आती बर्फीली हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है।
घने कोहरे कारण विज़िबिलिटी (दृश्यता) बेहद कम
दिल्ली आज सुबह घने कोहरे की वजह से ढकी रही वहीं कोहरे में लोगों को आवाजाही करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्योंकि घने कोहरे कारण विज़िबिलिटी (दृश्यता) बेहद कम हो गई। कुछ ऐसी ही तस्वीरें राजघाट रोड से जीटी करनाल रोड तक देखने को मिली जहां घने कोहरे की चादर हर तरफ बिछी हुई हैं। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। जबकि दिल्ली में 11 तारीख बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं उत्तर भारत के जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है जबकि मैदानी इलाकों में बरसात हुई।