सर्दी का सितम ,छत्तीसगढ़ के ‘ शिमला ‘में एक की मौत एक पहुंचा अस्पताल ,जानें कैसे बचें हाइपोथर्मिया से

सरगुजा। छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में ठंड का सितम जारी है। बीती रात ठंड से एक व्यक्ति की मौत हो गई तो वहीं दूसरा गम्भीर है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

घटना कमलेश्वर थाना क्षेत्र की है। छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में ठंड का लुत्फ उठाने प्रदेश सहित नजदीकी दूसरे प्रांत के भी लोग आते हैं।

शुक्रवार की रात उदयपुर थाना क्षेत्र के करमहा गांव निवासी बनवारी मंझवार अपने साथी भोलू के साथ मैनपाट घूमने आया था। बताया जा रहा है कि दोनों छेरछेरा त्यौहार मनाने आए थे । रात में दोनों ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया था। जिसके बाद नशे में धुत्त होकर वे रोपाखार पेट्रोल पंप के पास जमीन पर ही सो गए । सुबह दोनों को बेसुध देखकर लोगों ने इसकी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कमलेश्वर पुलिस को बनवारी मंझवार मृत मिला तो वहीं भोलू को गम्भीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर में भर्ती करवाया गया।

ठंड की अधिकता से हुई मौत !जानें क्या है
हाइपोथर्मिया

मिली जानकारी अनुसार ठंड की अधिकता से युवक की मौत हुई । यहाँ कल तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस था। विशेषज्ञों के अनुसार मनुष्य के शरीर का तापमान 98.6 डिग्री फैरेनहाइट होता है। ठंड बढ़ने पर इसके कम होने का खतरा रहता है। रातभर ज्यादा ठंडे या खुले आसमान के नीचे रहने से आदमी के शरीर का हिट के कंजर्वेशन सिस्टम काम करना बंद कर देता है। जिससे शरीर का तापमान कम हो जाता है और मौत की आशंका बढ़ जाती है। इस स्थिति को हाइपोथर्मिया कहते हैं। इस स्थिति में आने पर तत्काल मरीज को गर्म कपड़ों से लादकर गर्म पेय पदार्थ देना चाहिए और डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।