CG : सीतापुर स्थित कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स में करोड़ों की उठाईगिरी कांड का पर्दाफाश , ओडिशा के गंजाम जिले में छापेमारी कर आरोपी के मकान से पुलिस ने 46 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण किए बरामद

अम्बिकापुर। सरगुजा पुलिस ने सीतापुर स्थित एक ज्वेलर्स दुकान के बाहर से हुई
1 करोड़ रुपये की सनसनीखेज उठाईगिरी का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा के गंजाम जिले में छापेमारी कर आरोपी के मकान से 46 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

उल्लेखनीय हैं कि बीते 26 जुलाई 2026 को सीतापुर स्थित कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुणदेव सोनी सुबह करीब 11:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने आभूषणों से भरा बैग अपनी स्कूटी पर रखा और शटर खोलने लगे। इसी दौरान अज्ञात शातिर बदमाशों ने मौका पाकर स्कूटी से बैग पार कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर सीतापुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

👉500 CCTV कैमरों से ट्रेस हुआ रूट

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में साइबर सेल अम्बिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़ (जशपुर, कुनकुरी), झारखंड (सिमडेगा, कुरडेग) और ओडिशा (सुंदरगढ़) तक के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी विश्लेषण खंगाले। कड़ी मशक्कत के बाद संदिग्धों की पहचान चांटी दास (निवासी ग्राम सोर्डा, गंजाम, ओडिशा) और नागेश्वर राव (निवासी
नारायणपुर, गंजाम, ओडिशा) के रूप में हुई।

👉ओडिशा में 10 दिनों तक चला सर्च ऑपरेशन

आरोपियों का सुराग मिलते ही सरगुजा पुलिस की टीम को तुरंत ओडिशा रवाना किया गया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से लगातार 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। 16 अगस्त की रात आरोपी चांटी दास के घर आने की मुखबिर सूचना पर पुलिस ने जब उसके घर पर छापा मारा, तो मकान में ताला बंद मिला।
विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी के घर में छिपाकर रखे गए चोरी के जेवरात बरामद हुए जिसमें 300.92 ग्राम (अनुमानित कीमतः ₹43 लाख), चांदी के आभूषण 1 किलो 168 ग्राम

(अनुमानित कीमतः ₹3 लाख) कुल ₹46 लाख।

👉फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने गवाहों के समक्ष कुल 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात जब्त कर लिए हैं। फिलहाल मुख्य आरोपी चांटी दास और नागेश्वर राव समेत अन्य संलिप्त आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस अंतर्राज्यीय कार्रवाई में साइबर सेल अम्बिकापुर, सीतापुर थाना पुलिस और ओडिशा की आश्का/शोर्डा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।