रायगढ़। जिले में महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान पर एक महिला ने देह व्यापार करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। महिला ने जूटमिल थाने में लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। इधर कांग्रेस नेत्री ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें किसी साजिश में फंसाने की बात कही है। SP ने इस शिकायत पर जांच की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को कांग्रेस पार्टी की ही एक महिला पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार से मिलने पहुंची थी। उसने मीडियाकर्मियों से भी अपनी आपबीती बताई। पीड़िता का कहना है कि महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान ने अपने देवर के साथ उसकी फोटो खींची थी और बाद में फोटो को उसके रिश्तेदारों के पास वायरल कर दिया। वो सभी जगह फोटो को वायरल करने का डर दिखाते हुए उससे देह व्यापार करवाना चाहती है। पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार। महिला ने यह भी बताया कि रानी चौहान के दबाव में जब वो नहीं आई, तो उसने अपने देवर के साथ जबरदस्ती खींची उसकी फोटो को पति और ससुराल वालों को भी भेज दिया, जिसके बाद उसका पति उसे तलाक दे रहा है। पीड़ित महिला का कहना है कि उसका जीवन बर्बाद हो गया है। उसके बच्चे भी उससे नहीं मिल पा रहे हैं। इधर अपने खिलाफ देह व्यापार कराने की शिकायत मिलते ही जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और खुद को पूरे मामले में निर्दोष बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही है।
पीड़िता ने दर्ज कराई शिकायत
महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान ने कहा कि महिला के उसके देवर के साथ अवैध संबंध हैं। उसने खुद ही देवर के साथ फोटो खिंचवाई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों का आवेदन ले लिया है और जांच की जा रही है। एसपी सदानंद कुमार ने कहा कि जांच के बाद उचित कार्रवाई मामले में की जाएगी। वहीं जूटमिल थाना प्रभारी कमल किशोर पटेल ने बताया कि उनके पास एक महिला ने देह व्यापार में धकेलने की कोशिश करने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उसने रायगढ़ जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
रायगढ़ कांग्रेस जिला अध्यक्ष रानी चौहान
BJP नेता ब्रह्मानंद नेताम पर भी लगा था नाबालिग से गैंगरेप का आरोप
भानुप्रतापपुर उपचुनाव से ठीक पहले बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम पर नाबालिग से गैंगरेप का आरोप लगाया गया था। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कांकेर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम पर नाबालिग से गैंगरेप और उसे देह व्यापार में धकेलने समेत तमाम गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने सबूतों के साथ ये बात मीडिया के सामने रखी थी।ब्रह्मानंद नेताम को लेकर मोहन मरकाम ने कहा था कि उन पर झारखंड राज्य के जमशेदपुर जिले में केस दर्ज है। 15 साल की नाबालिग से गैंगरेप कर उसे देह व्यपार में धकेलने का आरोप लगाते हुए मरकाम ने FIR की कॉपी भी मीडिया को दिखाई थी। घटना 2019 की बताई जा रही थी। पीसीसी चीफ ने कहा कि पुलिस ने पहले 5 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी, जिसके बाद जांच में 10 से 12 आरोपी सामने आए, जिनमें भाजपा प्रत्याशी भी शामिल हैं।
बीजेपी नेता ब्रह्मानंद नेताम
मोहन मरकाम ने कहा था कि जमशेदपुर के थाना टेल्को में अपराध क्रमांक 84/2019 में 15 मई 2019 को पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में ब्रह्मानंद नेताम के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। कांग्रेस ने खुलासा किया कि पीड़िता ने एक डायरी में गैंगरेप के सभी आरोपियों के नाम लिखकर रखे थे। इस मामले में झारखंड पुलिस ने छतीसगढ़ से संबंध रखने वाले शीतल उर्फ सपना महतो, सुरेंद्र सिन्हा को महासमुंद से 2019 में ही गिरफ्तार किया था। ब्रह्मानंद नेताम का नाम पुलिस के द्वारा पेश चालान में भी शामिल है। उन्होंने कहा कि बच्ची के साथ एक फ्लैट में अनाचार किया गया था। ब्रह्मानंद नेताम के खिलाफ IPC की धारा 366a,376(3),376ab,376ad,120b।4/6 पॉक्सो 4,5,6,7,9 की धाराओं में केस दर्ज है।